नई दिल्ली: शुभमन गिल बेंगलुरु में कुछ ही दिनों में शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी से बाहर हो सकते हैं। भारतीय टेस्ट कप्तान के अस्वस्थ होने की खबरें सामने आई हैं। उन्हें उत्तर क्षेत्र (नॉर्थ जोन) टीम का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, उत्तर क्षेत्र की चयन समिति पिछले कुछ दिनों से बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में 28 अगस्त से शुरू होने वाले इस अंतर-क्षेत्रीय टूर्नामेंट के लिए गिल की अनुपलब्धता की संभावना पर विचार कर रही थी। बावजूद इसके, शुक्रवार (22 अगस्त) तक चयन समिति को उनकी ओर से कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में फिजियो ने शुभमन गिल की जांच की और लगभग 24 घंटे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को उनकी मेडिकल रिपोर्ट सौंपी। फिलहाल 25 वर्षीय गिल चंडीगढ़ में हैं और घर पर आराम कर रहे हैं। बीसीसीआई और चयन समिति (राष्ट्रीय और क्षेत्रीय) के अधिकारियों ने उनकी उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है
शुभमन गिल पूरी दलीप ट्रॉफी से हो सकते हैं बाहर
गिल वैसे भी पूरी दलीप ट्रॉफी नहीं खेल पाते क्योंकि उन्हें 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। दलीप ट्रॉफी 28 अगस्त से 15 सितंबर तक खेली जानी है, ऐसे में वह अधिकतम शुरुआती मैच के लिए ही उपलब्ध हो सकते थे। उत्तर क्षेत्र को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर क्वार्टर फाइनल में पूर्व क्षेत्र (ईस्ट ज़ोन) के खिलाफ भिड़ना है।
शुभम रोहिल्ला निभाएंगे शुभमन गिल की जगह
उत्तर क्षेत्र के चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल के टूर्नामेंट से बाहर रहने की स्थिति को देखते हुए पहले ही उनकी जगह एक और खिलाड़ी को टीम में शामिल कर लिया था। टीम की घोषणा के समय गिल की जगह शुभम रोहिल्ला को चुना गया था। वहीं, अंकित कुमार को उत्तर क्षेत्र का उपकप्तान बनाया गया है, जिसका अर्थ है कि अब वह दलीप ट्रॉफी में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा सिर्फ एक मैच तक सीमित
एशिया कप टीम का हिस्सा होने के कारण अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा दलीप ट्रॉफी में सिर्फ पहला मैच खेल पाएंगे। पहले मुकाबले के बाद वे क्षेत्रीय टीम से अलग हो जाएंगे। यदि उत्तर क्षेत्र पहला नॉकआउट मैच जीत जाता है तो इन दोनों तेज गेंदबाजों की जगह गुरनूर बरार और अनुज ठकराल को टीम में शामिल किया जाएगा। उत्तर क्षेत्र की चयन समिति में चेतन शर्मा (हरियाणा), निखिल चोपड़ा (दिल्ली), अमित उनियाल (चंडीगढ़), मिथुन मिन्हास (जम्मू-कश्मीर, संयोजक), राज कुमार (सेवा) और मुकेश कुमार (हिमाचल प्रदेश) शामिल हैं।


