CPL: 46 साल की उम्र में इमरान ताहिर का कमाल, गयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान के नाम जुड़ा बड़ा रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर इमरान ताहिर 46 साल की उम्र में भी गेंद से कहर ढा रहे हैं। शनिवार (23 अगस्त) को उनकी घातक लेग स्पिन गेंदबाजी के दम पर गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स को 84 रनों से हराकर करारी शिकस्त दी। ताहिर के शानदार प्रदर्शन ने न केवल टीम को बड़ी जीत दिलाई बल्कि उन्होंने टी20 क्रिकेट के कई अहम रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।

211 रनों के विशाल स्कोर का बचाव करते हुए इमरान ताहिर ने पावरप्ले के तुरंत बाद अपनी पहली ही गेंद पर शाकिब अल हसन को स्टंपिंग करवा दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के पूर्व लेग स्पिनर और वॉरियर्स के कप्तान ने उसी ओवर में एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स के कप्तान इमाद वसीम को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। ताहिर यहीं नहीं रुके, अपने अगले ओवर में उन्होंने शमर स्प्रिंगर को एलबीडब्ल्यू आउट कर विपक्षी टीम को और गहरा झटका दिया।

इमरान ताहिर: पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान

इसके बाद इमरान ताहिर ने 9वें और 10वें नंबर के बल्लेबाजों को भी पवेलियन भेजते हुए टी20 क्रिकेट में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। 46 वर्षीय ताहिर टी20 में पांच विकेट झटकने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए। वह 40 की उम्र के बाद यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं। ताहिर ने यह उपलब्धि सितंबर 2004 में कैमरून के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले मलावी के कप्तान मोअज्जम अली बेग का रिकॉर्ड तोड़कर हासिल की।

टी20 में पांच विकेट लेने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

नॉर्थ साउंड में खेले गए मैच के दौरान 46 वर्ष 148 दिन की उम्र में इमरान ताहिर टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। उनसे पहले यह रिकॉर्ड 2022 में तोमाकानुटे रीतावा ने बनाया था, जिन्होंने फिजी के खिलाफ 19 रन देकर पांच विकेट झटके थे। ताहिर अब तक अपने करियर में 2006 से लेकर अब तक 435 टी20 मैच खेल चुके हैं और 550 विकेट पूरे करने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। वह टी20 क्रिकेट की सर्वकालिक गेंदबाजी सूची में फिलहाल चौथे स्थान पर काबिज हैं।

इमरान ताहिर ने करियर में पांचवीं बार झटके पांच विकेट

टी20 क्रिकेट में इमरान ताहिर ने एक बार फिर अपनी स्पिन का जादू दिखाते हुए करियर में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ताहिर ने इस मामले में लसिथ मलिंगा, भुवनेश्वर कुमार, शाहीन अफरीदी और शाकिब अल हसन की बराबरी कर ली है। पुरुषों के टी20 क्रिकेट में ताहिर से ज्यादा बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड सिर्फ डेविड वीसे के नाम है, जिन्होंने अब तक सात बार यह कारनामा किया है।

टी20 में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी कुल विकेट पांच विकेट
डेविड विसे 329 7
शाहीन अफरीदी 312 5
लसिथ मलिंगा 390 5
भुवनेश्वर कुमार 327 5
शाकिब अल हसन 499 5
इमरान ताहिर 554 5

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here