US: ट्रंप से मुलाकात के बाद FIFA प्रमुख का ऐलान, अब वाशिंगटन में होगा 2026 विश्वकप का ड्रॉ

0

वाशिंगटन: दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शुमार फीफा वर्ल्ड कप 2026 इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है। पहली बार 48 देशों की टीमें मैदान में उतरेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। इस भव्य आयोजन का ग्रुप ड्रॉ अब लास वेगास की बजाय अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में होगा। यह ड्रॉ प्रतिष्ठित केनेडी सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जिसकी घोषणा खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की। उन्होंने बताया कि 2026 पुरुष फुटबॉल वर्ल्ड कप का ग्रुप ड्रॉ इस साल दिसंबर में वॉशिंगटन डीसी में संपन्न होगा।

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न

ओवल ऑफिस में आयोजित खास कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो भी मौजूद रहे। इन्फैंटिनो अपने साथ वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भी लाए थे। उन्होंने कहा कि ड्रॉ का सीधा प्रसारण पूरी दुनिया में होगा और करीब एक अरब दर्शक इसे देखेंगे। यह टूर्नामेंट 104 मुकाबलों का होगा, यानी मानो 104 सुपर बाउल्स एक साथ हों। इसी दौरान जब इन्फैंटिनो ने ट्रंप को ट्रॉफी पकड़ने का मौका दिया, तो ट्रंप ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में पूछा— क्या मैं इसे रख सकता हूं?

केनेडी सेंटर में 5 दिसंबर को होगा वर्ल्ड कप ड्रॉ

यह ड्रॉ 5 दिसंबर को वॉशिंगटन डीसी स्थित केनेडी सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जहां ट्रंप चेयरमैन हैं। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि ड्रॉ लास वेगास में होगा, जैसा कि 1994 वर्ल्ड कप के दौरान हुआ था। खास बात यह है कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको तीन देशों की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा और इसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी। ड्रॉ के तहत इन टीमों को 12 ग्रुपों में बांटा जाएगा, प्रत्येक ग्रुप में 4 टीमें होंगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here