मनीषा, भव्या, हिमानी, पूजा, अल्हद, रोहन, प्रथम व सुमित महिला व पुरुष के सेमीफाइनल में
दूसरी यूटीटी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता
(NST News) भोपाल. राजधानी के टीटी नगर स्टेडियम में मंगलवार को दूसरी यूटीटी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के तहत क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दौरान भोपाल और इंदौर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयुवर्ग 11 के बालिका वर्ग में भोपाल की खुशी बघेल ने इंदौर की भानू को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि अनिका महेश्वरी ने भोपाल की मुदिता को 3-0 से हराकर अपना नाम फाइनल में दर्ज कराया। जबकि साकार और आर्यन ने इसी के बालक वर्ग में फाइनल में जगह बनाई। दोनों ही खिलाड़ी इंदौर के हैं। महिला वर्ग में क्वार्टर फाइनल में इंदौर की भाव्या राव ने भोपाल की मोमिता को 4-3 से मात दी। ग्वालियर की हिमानी ने भोपाल की पार्मी को 4-1 से हराया। भोपाल की मनीषा ने इंदौर की जाकिया को 4-3 से पराजित किया, वहीं इंदौर की पूजा ने भोपाल की खुशी को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग में नरसिंहपुर के अल्हद ने भोपाल के इमरान को 4-2 से, इंदौर के रोहन जोशी ने इंदौर के अनुज सोनी को 4-2 से, प्रथम बाथम, इंदौर ने इंदौर के रोशन को 4-3 से और सुमित मिश्रा इंदौर ने भोपाल के शिवम को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी आयोजन सचिव साबिर अली ने दी।


