नई दिल्ली: भारत की ओलंपियन निशानेबाज सिफत कौर सामरा ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। सिफत ने इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मंगलवार को उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस के व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जहां उन्होंने फाइनल में 459.2 का स्कोर बनाकर चीन की यांग यूजी (458.8) को पछाड़ा। इसके बाद टीम स्पर्धा में भी सिफत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और सामरा, अंजुम मुद्गिल और आशी चौकसे की भारतीय तिकड़ी ने मिलकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में सिफत कौर सामरा का दबदबा शुरुआत से ही देखने को मिला। वह क्वालीफिकेशन में 589 अंकों के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में पहुंचीं। हालांकि भारत की श्रियांका साडंगी क्वालीफिकेशन में सबसे आगे रहीं, लेकिन वह सिर्फ रैंकिंग अंकों के लिए खेल रही थीं। ऐसे में सामरा और आशी चौकसे क्रमशः पहले और चौथे स्थान पर रहकर फाइनल में उतरीं। फाइनल में सामरा ने नीलिंग में 151.0 और प्रोन में 156.2 का शानदार स्कोर बनाया। स्टैंडिंग एलिमिनेशन दौर में भी उन्होंने कमाल दिखाया और चीनी प्रतिद्वंद्वी पर 0.4 अंकों की बढ़त बनाई। इस स्पर्धा में जापान की नोबाता मिसाकी (448.2) ने कांस्य पदक जीता, जबकि भारत की आशी 402.8 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं।
क्वालीफिकेशन दौर में भी भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। सिफत कौर सामरा ने 589 अंक, आशी चौकसे ने 586 अंक और अंजुम मुद्गिल ने 578 अंक हासिल किए। तीनों के संयुक्त 1753 अंकों के दम पर भारत ने टीम वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं, जापान ने 1750 अंकों के साथ दूसरा और दक्षिण कोरिया ने 1745 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। हालांकि, व्यक्तिगत रैंकिंग में दो बार की ओलंपियन अंजुम 41 निशानेबाजों में 22वें स्थान पर रहीं।

