घरेलू सीज़न से पहले मनदीप सिंह ने छोड़ी त्रिपुरा टीम

0

नई दिल्ली। भारतीय घरेलू क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज़ मनदीप सिंह ने 2025-26 सीज़न शुरू होने से पहले त्रिपुरा टीम को अलविदा कह दिया है। उन्होंने त्रिपुरा के साथ सिर्फ एक साल बिताया था, लेकिन उस दौरान उन्होंने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। इंस्टाग्राम पोस्ट में मनदीप ने त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन को धन्यवाद दिया और लिखा कि उन्हें वहां खेलकर काफी अच्छा अनुभव मिला। उन्होंने कहा कि मैदान के अंदर और बाहर बिताए पल उनकी यादों में हमेशा रहेंगे। मनदीप ने टीम को आगामी सीज़न के लिए शुभकामनाएं दीं और खुद भी अगले सत्र को लेकर उत्साह जताया। फिलहाल यह तय नहीं है कि वह आगे किस राज्य की ओर से खेलेंगे।

पिछले घरेलू सीज़न में मनदीप का बल्ला लगातार रन उगलता रहा। रणजी ट्रॉफ़ी में उन्होंने छह मैचों में नाबाद 124 रन की शतकीय पारी खेली और पांच अर्धशतक लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने हर मैच में पचास रन का आंकड़ा पार किया। विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में उन्होंने तीन अर्धशतक जमाए, जिनमें बंगाल के खिलाफ 94 रन उनकी सबसे बड़ी पारी रही। वहीं सैयद मुश्ताक़ अली टी20 टूर्नामेंट में उन्होंने दो अर्धशतक बनाए। पंजाब के लिए करीब 15 साल खेलने के बाद मनदीप त्रिपुरा पहुंचे थे और पहले ही सीज़न में उन्होंने टीम को सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। यह जीत त्रिपुरा के लिए 30 साल बाद आई थी। अब क्रिकेट जगत की नज़र इस पर है कि वह नए सीज़न में किस टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here