34.2 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल में जीता सिल्वर

लगातार तीसरी बार दूसरा स्थान, अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी

ज्यूरिख। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल 2025 में सिल्वर मेडल जीता। यह उनका लगातार तीसरा सिल्वर है। स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर के लेट्जिग्रुंड स्टेडियम में खेले गए फाइनल में नीरज ने आखिरी प्रयास में 85.01 मीटर का थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने शानदार 91.51 मीटर थ्रो कर गोल्ड जीता, जबकि त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट 84.95 मीटर के साथ ब्रॉन्ज पर रहे। नीरज की शुरुआत अच्छी रही थी, उन्होंने पहले प्रयास में 84.35 मीटर का थ्रो किया, दूसरा थ्रो 82 मीटर रहा, इसके बाद लगातार तीन प्रयास फाउल हो गए। आखिरी मौके पर उन्होंने दम दिखाया और 85.01 मीटर फेंककर रजत पदक सुनिश्चित किया। नीरज इससे पहले 2022 में इसी स्टेडियम में गोल्ड जीत चुके थे, लेकिन 2023 और 2024 की तरह इस बार भी उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। मौजूदा सीजन में उन्होंने सात प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिसमें चार बार स्वर्ण और तीन बार रजत हासिल किया।

नीरज का इस सीजन का प्रदर्शन यादगार रहा है। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार करते हुए 90.23 मीटर का करियर बेस्ट थ्रो किया था। वहीं पेरिस डायमंड लीग में 88.16 मीटर फेंककर स्वर्ण पदक जीता। नीरज के लगातार प्रदर्शन से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। डायमंड लीग एथलेटिक्स सीरीज को ट्रैक और फील्ड खेलों का सबसे बड़ा टूर्नामेंट माना जाता है, जिसमें दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। अब नीरज अगले महीने 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उतरेंगे। यहां वह अपने खिताब का बचाव करेंगे। पिछले साल उन्होंने बुडापेस्ट में 88.17 मीटर थ्रो कर गोल्ड जीता था। ऐसे में एक बार फिर पूरी दुनिया की नज़रें भारत के इस ओलंपिक चैंपियन पर होंगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles