नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 (DPL 2025) में शनिवार (30 अगस्त) को साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच खेले गए मैच के दौरान आचार संहिता तोड़ने पर भारत के लिए खेल चुके नितीश राणा सहित पांच खिलाड़ियों पर कड़ी कार्रवाई की गई। इन खिलाड़ियों पर मैच फीस का 30 से 100 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया गया। शुक्रवार को वेस्ट दिल्ली लायंस के कप्तान नितीश राणा ने धमाकेदार शतक जड़कर टीम को क्वालीफायर 2 में पहुंचा दिया था। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को सात विकेट से मात दी।
वेस्ट दिल्ली लायंस के कृष यादव को सबसे बड़ी सजा मिली है। उन पर मैच के दौरान अश्लील आचरण से जुड़ी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए पूरी मैच फीस यानी 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। वहीं, दिग्वेश राठी पर 80 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा। दिग्वेश राठी का पर्ची काटना नितीश राणा को भी भारी पड़ा और उन पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना ठोका गया। इसके अलावा अमन भारती को 30 प्रतिशत और सुमित माथुर को भी 50 प्रतिशत मैच फीस की पेनल्टी भुगतनी पड़ी।
कृष यादव का विकेट गिरते ही भड़की भिड़ंत
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 201 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस का स्कोर 118 रन पर पहुंचा ही था कि कृष यादव का विकेट गिरते ही मैदान पर तनाव बढ़ गया। अमन भारती की गेंद पर कृष ने लॉन्ग-ऑफ की ओर छक्का जड़ने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री लाइन पर अनमोल शर्मा ने शानदार कैच पकड़ लिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच गरमागरमी हो गई। साउथ दिल्ली के सुमित माथुर, गेंदबाज अमन भारती और बल्लेबाज कृष यादव के बीच कहासुनी ने माहौल को बिगाड़ दिया। हालांकि, अंपायरों और खिलाड़ियों के हस्तक्षेप से मामला संभाल लिया गया और खेल फिर से शुरू हुआ।
दिग्वेश राठी और नितीश राणा के बीच विवाद
मैच के दौरान दिग्वेश राठी और नितीश राणा के बीच एक और गरमागरम बहस देखने को मिली। यह वाकया उस समय हुआ जब राठी गेंद फेंकने से ठीक पहले रुक गए, जबकि राणा शॉट खेलने की तैयारी कर रहे थे। राणा इस हरकत से नाराज़ हो गए और उन्होंने अगली गेंद डाले जाने से पहले ही क्रीज से हटकर विरोध जताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान उन्होंने राठी को तंज कसते हुए कहा, “चल, डालता रह चल।”
राणा गुस्से में राठी की ओर बढ़े
इसके बाद राणा ने राठी की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाते हुए छक्का जड़ा और फिर गेंदबाज की मशहूर “नोटबुक” सेलिब्रेशन की नकल करते हुए जश्न मनाया। इसी वजह से दोनों खिलाड़ियों के बीच गरमा-गरमी बढ़ गई। गुस्से से तमतमाए राणा सीधे राठी की ओर बढ़े, लेकिन साउथ दिल्ली के खिलाड़ियों ने तुरंत बीच में आकर हालात को संभाला और दोनों को अलग किया। शनिवार को वेस्ट दिल्ली लायंस का मुकाबला ईस्ट दिल्ली राइडर्स से होगा, और इस मैच की विजेता टीम फाइनल में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ उतरेगी।

