Leagues Cup Final: मेसी की मियामी और सिएटल खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत, सुआरेज़ ने गुस्से में किया कोच का अपमान

0

न्यूयॉर्क: मेसी की इंटर मियामी को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा सुआरेज़ की हरकतों ने बटोरी। मैच खत्म होते ही खिलाड़ियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया, जो लात-घूंसों तक पहुंच गया। इसी दौरान सुआरेज़ ने गुस्से में कोच के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया, जिससे माहौल और बिगड़ गया। इस घटना ने न सिर्फ टूर्नामेंट की चमक फीकी कर दी, बल्कि एक बार फिर सुआरेज़ के अनुशासन पर सवालिया निशान खड़े कर दिए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फुलटाइम सीटी बजते ही माहौल अचानक बिगड़ गया। हार से झुंझलाए सुआरेज सीधे सीएटल साउंडर्स के 20 वर्षीय मिडफील्डर ओबेद वर्गास की ओर भागे और उन्हें हेडलॉक दे दिया। इस अप्रत्याशित हरकत से खिलाड़ियों के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई। सुआरेज को ऐसा करते देखते ही दोनों टीमों के खिलाड़ी और स्टाफ आपस में भिड़ गए। मामला कुछ ही सेकंड में बवाल का रूप ले चुका था। मैदान पर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज, लात-घूंसे और अफरा-तफरी ने फाइनल के समापन को एक विवादास्पद मोड़ दे दिया। इस पूरे हंगामे को शांत करने में अधिकारियों और अन्य खिलाड़ियों को कई मिनट लग गए।

हालांकि मामला थमता नजर आ रहा था, लेकिन सुआरेज़ ने अपनी हरकत से आग में घी डालने का काम किया। झगड़े के बाद जब उन्हें साथी खिलाड़ी और सुरक्षाकर्मी किनारे ले जा रहे थे, तभी उन्होंने गुस्से में सीएटल के असिस्टेंट कोच की ओर थूक दिया। कैमरों में कैद हुई इस हरकत ने पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा शर्मनाक बना दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और सुआरेज़ पर खेल भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप लगने लगा। फुटबॉल प्रेमियों और विशेषज्ञों ने उनकी इस हरकत को अस्वीकार्य करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस पूरी घटना ने फुटबॉल समुदाय को गहराई से हिला दिया है। प्रशंसक, पूर्व खिलाड़ी और विश्लेषक सुआरेज़ के व्यवहार की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। इंटर मियामी की हार के बाद जिस संयम और नेतृत्व की उम्मीद कप्तान स्तर के खिलाड़ी से थी, वह सुआरेज़ के कदमों में नजर नहीं आई। उनके इस बर्ताव ने न केवल टीम की छवि को धूमिल किया है, बल्कि उनके व्यक्तिगत करियर पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मेजर लीग सॉकर (MLS) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संकेत हैं कि सुआरेज़ सहित दोनों टीमों के दोषी खिलाड़ियों और स्टाफ पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। खेल जगत में थूकना बेहद अपमानजनक और अस्वीकार्य माना जाता है, और पहले भी ऐसे मामलों में खिलाड़ियों को भारी जुर्माने और लंबे प्रतिबंध झेलने पड़े हैं।

यह पहली बार नहीं है जब लुइस सुआरेज़ का नाम विवादों में आया हो। उनका करियर कई विवादित घटनाओं से जुड़ा रहा है। 2010 फीफा विश्व कप में घाना के खिलाफ क्वार्टर फाइनल के दौरान उन्होंने गोल पोस्ट में जा रही गेंद को हाथ से रोक दिया था, जिसके चलते उन्हें रेड कार्ड मिला। हालांकि, घाना पेनल्टी किक को गोल में बदलने में नाकाम रहा और उरुग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की। इसके अलावा सुआरेज़ कई बार बाइटिंग (काटने) की घटनाओं में भी पकड़े गए, जिनकी वजह से उन्हें लंबे समय तक बैन झेलना पड़ा। उनके आक्रामक और असंयमित स्वभाव ने बार-बार उनकी छवि को धूमिल किया है। अब लीग्स कप फाइनल की घटना ने एक बार फिर उनके खेलभावना और पेशेवर रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • 2014 फीफा विश्व कप में उन्होंने इटली के डिफेंडर जॉर्जियो कीएलिनी को दांत से काट लिया था, जिसके बाद उन्हें चार महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा।
  • लिवरपूल के दिनों में उन्होंने चेल्सी के ब्रानिस्लाव इवानोविक को दांत से काटा और सात मैचों का बैन झेला।
  • आयाक्स में खेलते समय भी वे एक प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को कान के पास दांत से काटने के कारण निलंबित हुए थे।

इन विवादास्पद घटनाओं ने लुइस सुआरेज़ को फुटबॉल जगत का “बैड बॉय” बना दिया है। उनके खेल कौशल और गोलस्कोरिंग क्षमता पर कभी संदेह नहीं रहा, लेकिन बार-बार बिगड़े हुए व्यवहार ने उनके करियर पर नकारात्मक छाप छोड़ी है। लीग्स कप फाइनल के बाद हुआ यह ताज़ा वाकया उनके करियर में एक और दाग जोड़ गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मेजर लीग सॉकर (MLS) और इंटर मियामी प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या यह विवाद सुआरेज़ के भविष्य को और मुश्किल बना देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here