एमएस धोनी की धरती का उभरता हुआ सितारा, दलीप ट्रॉफी डेब्यू में झारखंड स्पिनर ने रचा इतिहास

0

नई दिल्ली: भारतीय घरेलू क्रिकेट का नया सत्र 2025-26 जोरदार अंदाज में शुरू हुआ। बेंगलुरु में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन असली चर्चा गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की रही। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान झारखंड के 21 वर्षीय युवा स्पिनर मनीषी ने खींचा। मनीषी ने अपने डेब्यू मैच में ही दलीप ट्रॉफी में ऐसा कारनामा किया, जिसने किसी भी भारतीय गेंदबाज के लिए अब तक के रिकॉर्ड की बराबरी कर दी।

मनीषी ने ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ पहली पारी में छह विकेट चटकाए। दिलचस्प बात यह रही कि ये सभी विकेट उन्होंने एलबीडब्ल्यू (LBW) के रूप में हासिल किए। शुभम खजूरिया (26 रन), अंकित कुमार (30 रन), यश ढुल (39 रन), कन्हैया वधावन (76 रन), आकिब नबी (44 रन) और हर्षित राणा (7 रन) उनके शिकार बने। प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में यह कारनामा अब तक केवल छठी बार देखने को मिला है, और मनीषी यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने हैं। इस रिकॉर्ड के साथ मनीषी ने इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन (2021) और मार्क इलॉट (1995), श्रीलंका के चामिंडा वास (2005) और पाकिस्तान के ताबिश खान (2011) जैसे नामचीन गेंदबाजों की सूची में अपनी जगह बनाई।

झारखंड की मिट्टी पहले भी भारतीय क्रिकेट को बड़े सितारे दे चुकी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने छोटे शहर से उठकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। अब उसी राज्य से मनीषी का उभरना क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक नई उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। हालांकि उनकी टीम ईस्ट जोन के खिलाफ इस मैच में हार गई, मनीषी का प्रदर्शन भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी संभावनाओं का संकेत देता है। जिस तरह धोनी ने झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया, मनीषी भी आने वाले समय में भारत की स्पिन गेंदबाजी का चमकता सितारा बन सकते हैं।

प्रथम श्रेणी पारी में एक मैच में एलबीडब्ल्यू के जरिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-6 गेंदबाज
LBW की संख्या खिलाड़ी मैच मैदान साल
6 मार्क इलोट नॉर्थम्पटनशायर बनाम एसेक्स ल्यूटन का वार्डन पार्क 1995
6 चामिंडा वास सदर्न प्रॉविंस बनाम वेस्टर्न प्रॉविंसन कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम 2004/05
6 ताबिश खान खान रिसर्च लैबोरेटरीज बनाम कराची व्हाइट्स कराची का नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 2011/12
6 ओली रॉबिन्सन ग्लेमोर्गन बनाम ससेक्स कॉर्डिफ का सोफिया गार्डन 2021
6 क्रिस राइट ग्लूस्टरशायर बनाम लीसेस्टरशायर ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड 2021
6 मनीषी उत्तर क्षेत्र बनाम पूर्वी क्षेत्र बेंगलुरु का बीसीसीआई ग्राउंड 1 2025/26
कौन हैं मनीषी?

मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों के साथ खेलते हुए, मनीषी इस मुकाबले में ईस्ट जोन के सबसे सफल गेंदबाज बने। जमशेदपुर में जन्मे मनीषी ने पिछले तीन वर्षों में केवल 9 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, लेकिन हर मैच में उन्होंने अपना प्रभाव छोड़ा है। पिछले साल रणजी ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 27.22 के औसत से 22 विकेट लिए। हाल ही में दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा 111/6 हासिल किया, जबकि इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 49/4 रहा था। मनीषी के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी मौजूद है। उन्होंने 2019 में इंडिया अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मैच खेला था। उस मुकाबले में मनीषी ने 12.57 के औसत से सात विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर पांच विकेट रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here