25.3 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

जय शाह ने महिला क्रिकेटरों के लिए बढ़ाई इनाम राशि, वर्ल्ड कप में पुरुषों से 34 करोड़ ज्यादा प्राइज मनी

नई दिल्ली: महिला क्रिकेट विश्व कप की विजेता टीम को इस बार अब तक के इतिहास में सबसे अधिक पुरस्कार राशि मिलेगी। पिछले संस्करण में यह राशि 1.32 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 11.65 करोड़ रुपये) थी, जो अब बढ़कर 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 39.55 करोड़ रुपये) हो गई है। यह घोषणा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार (1 सितंबर) को की, जिसके अध्यक्ष जय शाह हैं।

30 सितंबर से शुरू हो रहे महिला क्रिकेट विश्व कप के 13वें संस्करण की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी और पुरस्कार राशि में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है। आईसीसी ने इस मेगा इवेंट के लिए कुल 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 122.5 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि की घोषणा की है। यह 2023 में हुए पुरुष विश्व कप की पुरस्कार राशि से लगभग 34 करोड़ रुपये अधिक है, जिसमें भारत में आयोजित उस टूर्नामेंट के लिए कुल 10 मिलियन डॉलर (करीब 88.21 करोड़ रुपये) का ऐलान किया गया था।

पुरस्कार राशि में 297% की बढ़ोतरी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने बयान में कहा, “महिला क्रिकेट के लिए नया मानदंड स्थापित किया गया है, क्योंकि विजेता टीम को रिकॉर्ड 44.8 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी।” पिछले महिला वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड में खेले गए टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि लगभग 31 करोड़ रुपये थी। इस तरह अब इस राशि में करीब 297 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

उपविजेता टीम को 19.77 करोड़ रुपये

महिला वनडे विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि 2023 के पुरुष वनडे विश्व कप की तुलना में अधिक है, जिसका कुल इनाम 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 88.26 करोड़ रुपये) था। इस बार महिला वनडे विश्व कप की उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 19.77 करोड़ रुपये) जबकि सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 1.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 9.89 करोड़ रुपये) प्रदान किए जाएंगे।

प्रत्येक टीम को मिलेगा 22 लाख रुपये

ग्रुप चरण में जीत दर्ज करने पर टीमों को 34,314 डॉलर (लगभग 30.29 लाख रुपये) मिलेंगे। पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर (लगभग 62 लाख रुपये) और सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 280,000 डॉलर (लगभग 24.71 लाख रुपये) मिलेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी टीम को 250,000 डॉलर (लगभग 22 लाख रुपये) मिलेंगे।

जय शाह के बयान

आईसीसी ने इस कदम का उद्देश्य महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना और उसे पुरुष क्रिकेट के बराबर लाना बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने कहा कि यह निर्णय महिला क्रिकेट को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा, “यह घोषणा महिला क्रिकेट के सफर में मील का पत्थर साबित होगी। पुरस्कार राशि में यह चार गुना वृद्धि महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण है और इसके दीर्घकालिक विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा संदेश स्पष्ट है कि महिला क्रिकेटरों को यह भरोसा होना चाहिए कि अगर वे इस खेल को पेशेवर रूप से चुनती हैं तो उन्हें पुरुष खिलाड़ियों के समान सम्मान और अवसर मिलेगा।”

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles