मोहाली: राउंडग्लास हॉकी अकादमी और भारतीय खेल प्राधिकरण राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (साई एनसीओई), सोनीपत ने पंजाब हॉकी लीग (अंडर-21) के दूसरे संस्करण के दूसरे दिन लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि नमधारी हॉकी अकादमी और नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की। यह मुकाबले ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं। दिन के पहले मुकाबले में साई एनसीओई ने एसडीएटी हॉकी अकादमी, तमिलनाडु को 5-0 से पराजित किया। हैप्पी सिंह, हरपाल सिंह, अश्वनी सिंह, अंकुश और पंकज शर्मा ने गोल कर शानदार जीत दर्ज की।
नमधारी हॉकी अकादमी ने घुमनेरा राइज़र्स हॉकी अकादमी, नई दिल्ली को 4-2 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। गुरमन सिंह ने मैच के तीसरे मिनट में नमधारी को बढ़त दिलाई, लेकिन पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में प्रिक्षित ने घुमनेरा के लिए बराबरी का गोल किया। दूसरे क्वार्टर में गुरप्रीत सिंह और युवराज सिंह ने दो और गोल कर नमधारी को फिर से बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर के पहले मिनट में जतिन ने एक गोल कर स्कोर 3-2 किया, लेकिन अगली ही मिनट में गुरप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल कर नमधारी की जीत सुनिश्चित की।
तीसरे मुकाबले में नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर ने पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत हासिल की। पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे क्वार्टर में पत्रास हासा और सैबियन किरो ने गोल कर जमशेदपुर को दो गोल की बढ़त दिलाई। 38वें मिनट में अभिषेक गोरखी ने सुरजीत अकादमी के लिए एक गोल किया, लेकिन 42वें मिनट में पत्रास हासा द्वारा पेनल्टी स्ट्रोक पर किए गए गोल ने नेवल टाटा की जीत तय कर दी।
दिन के अंतिम मुकाबले में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी, अमृतसर को 7-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अमनदीप ने तीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए हैट्रिक पूरी की, जबकि गुरविंदर सिंह ने दो गोल किए। अन्य दो गोल सुखप्रीत सिंह और इंदरजीत सिंह ने किए और टीम की जीत को एकतरफा बना दिया। पंजाब हॉकी लीग, जो राउंडग्लास हॉकी अकादमी और हॉकी पंजाब द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है, का उद्देश्य जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को व्यापक मैच अनुभव प्रदान करना और उनके पेशेवर व व्यक्तिगत विकास में सार्थक योगदान देना है। लीग अब एक दिन के विश्राम के बाद बुधवार को फिर से शुरू होगी।
MATCH 5 SDA VS SAI MATCH 6 GRA VS NHA MATCH 7 NTA VS SHA MATCH 8 RGA VS SGP

