नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मंगलवार (2 सितंबर) को टी20 इंटरनेशनल से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना अंतिम टी20 मैच 2024 में भारत के खिलाफ खेला था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा और टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई। इस मैच में स्टार्क महंगे साबित हुए और इसी के साथ उनका टी20 इंटरनेशनल करियर समाप्त हो गया। भारत की पारी के तीसरे ओवर में रोहित शर्मा ने मिचेल स्टार्क को आड़े हाथों लिया। इस ओवर में स्टार्क ने 29 रन लुटाए, जिसमें रोहित ने 4 छक्के और 1 चौका लगाया। यह उनके टी20 करियर का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ। पूरे मैच में स्टार्क ने 4 ओवर में 45 रन दिए और 2 विकेट लिए। यह उनका टी20 करियर का चौथा सबसे महंगा ओवर भी रहा।
भविष्य की योजनाओं में नहीं थे स्टार्क, टी20 से लिया संन्यास
इस मैच में रोहित शर्मा ने 41 गेंदों पर 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 224.39 के स्ट्राइक रेट से 92 रन बनाए। हालांकि मिचेल स्टार्क ने उन्हें आउट किया, भारतीय टीम ने 205 रन बनाकर 24 रन से जीत हासिल की। इस मुकाबले के बाद स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए फिर कभी टी20 मैच नहीं खेला, शायद वह भविष्य की योजनाओं में इस प्रारूप को शामिल नहीं करना चाहते थे।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले मिचेल स्टार्क ने लिया संन्यास
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने ऐसे समय पर टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया जब ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया। छह महीने बाद भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप होने वाला है। इस बीच संन्यास लेना इस बात का संकेत है कि ऑस्ट्रेलिया टीम मैनेजमेंट ने टी20 फॉर्मेट में उनसे आगे बढ़ना तय कर लिया है। स्टार्क ने अपने टी20 करियर में 65 मैचों की 65 पारियों में 23.81 के औसत और 7.74 की इकॉनमी रेट से 79 विकेट लिए, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट देकर केवल 20 रन का रहा।


