“सबसे खुशी का पल बना दर्दनाक, आपकी क्षति अब हमारी कहानी का हिस्सा” – विराट कोहली ने जताया बेंगलुरु भगदड़ पीड़ितों के प्रति दुख

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने चार जून 2025 को आईपीएल खिताब जीतने के जश्न के दौरान हुई भगदड़ पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दिन उनकी टीम के लिए सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, लेकिन 11 लोगों की मौत ने इसे दर्दनाक बना दिया। आरसीबी ने 18 साल में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी और इस जीत का जश्न मनाने के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में करीब ढाई लाख प्रशंसक जमा हुए थे, जिसके बाद भगदड़ जैसी दुखद घटना घट गई।

सावधानी और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का वादा: विराट कोहली

विराट कोहली ने आरसीबी के एक्स हैंडल पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “आप कभी भी इस तरह की दिल तोड़ने वाली घटना का सामना नहीं करना चाहते। जो हमारी टीम के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, वह एक दुखद घटना में बदल गया।” उन्होंने आगे कहा, “मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और घायल हुए प्रशंसकों के लिए लगातार सोचता हूं और उनकी सलामती की प्रार्थना करता हूं। आपकी क्षति अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सभी मिलकर सावधानी, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।”

बेंगलुरु भगदड़ हादसे में पुलिस जांच ने आरसीबी को ठहराया जिम्मेदार

आधिकारिक जांच में सामने आया कि भगदड़ की इस अराजकता की बड़ी वजह उचित मंजूरी का अभाव और स्टेडियम में उमड़ी अत्यधिक भीड़ थी, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जो फ्रेंचाइजी द्वारा सोशल मीडिया पर भेजे गए निमंत्रणों के चलते जुटी थी। पुलिस ने माना कि दर्शकों को नियंत्रित करने के लिए उनके पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद नहीं था। जांच रिपोर्ट में आरसीबी को बड़ी संख्या में प्रशंसकों को आने के लिए प्रोत्साहित करने का जिम्मेदार ठहराया गया।

बेंगलुरु भगदड़: पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा देगी आरसीबी

इसके बाद आरसीबी ने घोषणा की कि मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा और उनकी स्मृति में सार्थक कदम उठाए जाएंगे। फ्रेंचाइजी ने ‘आरसीबी केयर्स’ नाम से एक फाउंडेशन भी लॉन्च किया, जिसने भविष्य में बेहतर भीड़ प्रबंधन प्रोटोकॉल तैयार करने के लिए स्टेडियम अधिकारियों, खेल संगठनों और लीग भागीदारों के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here