भारत और कोरिया का मुकाबला रोमांचक ड्रॉ पर खत्म

0

राजगीर. हॉकी एशिया कप के सुपर-4 चरण में भारत और साउथ कोरिया के बीच खेला गया मुकाबला रोमांचक अंदाज में ड्रॉ पर खत्म हुआ। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बुधवार को खेले गए मैच में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। भारत के लिए हार्दिक सिंह ने 8वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि कोरिया ने 12वें और 14वें मिनट में लगातार दो गोल करके मैच का रूख अपनी ओर मोड़ लिया। तीसरे क्वार्टर तक भारत 1-2 से पीछे चल रहा था।

मनदीप का गोल बना गेम चेंजर

भारत के लिए निर्णायक गोल मनदीप सिंह ने किया। उन्होंने 52वें मिनट में गोल करके मैच को बराबरी पर ला दिया। यह गोल टीम के लिए राहत लेकर आया और भारत हार से बच गया। मैच के दौरान दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन रक्षापंक्ति भी मजबूत रही। कोरिया की ओर से यांग जिहुन और किम ह्योन्होंग गोल करने में सफल रहे। वहीं, भारत के गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक और डिफेंडरों ने कई मौकों पर शानदार बचाव किया।

अब मलेशिया से भिड़ेगा भारत

भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को मलेशिया से होगा। दूसरी ओर, साउथ कोरिया का सामना चीन से होगा। मलेशिया ने अपने पहले मैच में चीन को हराकर शानदार शुरुआत की है। ऐसे में भारत और मलेशिया के बीच का मैच अहम होने वाला है, क्योंकि इससे फाइनल की दौड़ पर असर पड़ेगा। मैच के बाद भारतीय टीम के कोच और कप्तान ने कहा कि टीम ने अच्छा खेल दिखाया और आने वाले मैचों में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। राजगीर में दर्शकों ने मैच का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों को लगातार उत्साहवर्धन करते रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here