साई सोनीपत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया

0

मोहाली: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (साई एनसीओई), सोनीपत ने पंजाब हॉकी लीग (अंडर-21) के दूसरे संस्करण के तीसरे दिन लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया, जबकि राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने नेवल टाटा अकादमी, जमशेदपुर के खिलाफ 4-4 से रोमांचक ड्रॉ के बाद शूटआउट में जीत दर्ज कर बोनस अंक हासिल किया। यह मुकाबले ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं। एसडीएटी हॉकी अकादमी, तमिलनाडु और एसजीपीसी हॉकी अकादमी, अमृतसर ने भी लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की। साई सोनीपत ने दिन के दूसरे मुकाबले में पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को 1-0 से हराकर अपनीलगातार तीसरी जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र गोल नवराज सिंह ने 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किया।

वहीं दिन के अंतिम मुकाबले में राउंडग्लास हॉकी अकादमी और नेवल टाटा अकादमी, जमशेदपुर के बीच मुकाबला 4-4 की बराबरी पर खत्म हुआ। राउंडग्लास ने शूटआउट में 3-0 से जीत दर्ज कर बोनस अंक हासिल किया। राउंडग्लास ने मैच की शुरुआत तेज़ी से की और छठे मिनट के भीतर गुरसेवक सिंह और जोबनप्रीत सिंह के गोल से 2-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद नेवल टाटा ने तूफानी वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागे – जिनमें तुषार परमार के दो गोल और प्रेमचंद सोय का एक गोल शामिल रहा। राउंडग्लास ने 42वें मिनट में गुरविंदर सिंह के गोल से स्कोर 3-3 कर दिया। नेवल टाटा ने 47वें मिनट में आशीष टानी पुर्ति द्वारा पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर फिर बढ़त बना ली, लेकिन 52वें मिनट में गुरविंदर सिंह ने फिर से स्कोर बराबर कर दिया।शूटआउट में राउंडग्लास के गोलकीपर जीवन सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेवल टाटा के तीनों पेनल्टी (अफरीदी, गंगा टोपनो और टिंटस हेमरोम) को रोक लिया। वहीं, राउंडग्लास की ओर से जपनीत सिंह, अर्शदीप सिंह और सनी सिंह ने गोल कर अपनी टीम को बोनस अंक दिलाया। दिन के पहले मुकाबले में एसडीएटी हॉकी अकादमी, तमिलनाडु ने नमधारी हॉकी अकादमी को 4-0 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। पहले हाफ में सी. शिवी युवराज और एम. गोवथम के गोल से टीम ने 2-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद एस. कृष्णन ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर जीत को सुनिश्चित किया।

एसजीपीसी हॉकी अकादमी, अमृतसर ने घुमनेहरा राइज़र्स हॉकी अकादमी, नई दिल्ली को 7-3 से हराकर लीग की अपनी पहली जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत में ही सुखवीर सिंह ने दो गोल कर एसजीपीसी को सातवें मिनट तक 2-0 की बढ़त दिला दी। घुमनेहरा ने तुषार और प्रिक्षित के गोल से मुकाबला बराबर किया, लेकिन 24वें मिनट में जसप्रीत सिंह के गोल से एसजीपीसी ने फिर से बढ़त बना ली। 33वें मिनट में निखिल ने स्कोर 3-3 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर के अंत में कमलजीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर SGPC को एक बार फिर आगे कर दिया। अंतिम क्वार्टर में सुखदेव सिंह ने तीन पेनल्टी कॉर्नर गोल कर हैट्रिक पूरी करते हुए मैच को SGPC के पक्ष में कर दिया। पंजाब हॉकी लीग, राउंडग्लास हॉकी अकादमी और हॉकी पंजाब द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य खिलाड़ियों को ग्रासरूट स्तर पर अधिकतम मैच अनुभव देना और उनके पेशेवर एवं व्यक्तिगत विकास में योगदान देना है।

कल के मैच
  • एसडीएटी हॉकी अकादमी vs सुरजीत हॉकी अकादमी – सुबह 9 बजे
  • नमधारी हॉकी अकादमी vs एसजीएफसी हॉकी अकादमी – सुबह 11 बजे
  • साई , एनसीओई vs राउंडग्लास हॉकी अकादमी – दोपहर 1 बजे
  • घुमनेहरा राइज़र्स हॉकी अकादमी vs नेवल टाटा हॉकी अकादमी – दोपहर 3 बजे

MATCH 9 SDA VS NHA MATCH 10 SAI VS SHA MATCH 11 GRA VS SGP

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here