नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में वेस्ट जोन और सेंट्रल जोन आमने-सामने हैं। इस मुकाबले में वेस्ट जोन के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। श्रेयस ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में बदलने में कामयाब नहीं हो सके, जबकि यशस्वी का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा।
श्रेयस अय्यर का बल्ला थमा 25 रन पर
भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए बेताब श्रेयस अय्यर सेंट्रल जोन के खिलाफ पहली पारी में अच्छी लय में नजर आए, लेकिन इस शानदार शुरुआत को आगे नहीं बढ़ा पाए और आउट हो गए। श्रेयस ने 28 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से तेज गति से 25 रन बनाए और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। हालांकि, उनके पास अभी दूसरी पारी में रन बनाने का मौका रहेगा।
यशस्वी जायसवाल का बल्ला खामोश
यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत हार्विक देसाई के साथ की, लेकिन वह सस्ते में ही आउट हो गए। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लगभग एक महीने बाद मैदान पर उतरे यशस्वी का बल्ला पहली पारी में पूरी तरह खामोश रहा। उन्होंने 3 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके की मदद से मात्र 4 रन बनाए और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने उन्हें LBW आउट कर पवेलियन भेज दिया। उनके साथ ओपनर हार्विक देसाई भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आर्या देसाई ने 39 रन और शम्स मुलानी ने 18 रन की पारी खेली।

