नई दिल्ली: लॉर्ड्स में मैट ब्रीट्जके की रिकॉर्डतोड़ 85 रनों की पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को दूसरे वनडे में पांच रन से हराकर सीरीज़ अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ प्रोटियाज ने एक मैच शेष रहते ही इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज़ जीत दर्ज की। साल 2000 में केपटाउन में मिली 1 रन की जीत के बाद इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में दक्षिण अफ्रीका की यह दूसरी सबसे करीबी जीत रही। साथ ही, 1998 के बाद यह पहली बार है जब दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड की धरती पर वनडे सीरीज़ जीती है। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने आखिरी बार 2017 में प्रोटियाज के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे शृंखला अपने नाम की थी।
2023 विश्व कप के बाद से इंग्लैंड क्रिकेट टीम का वनडे फॉर्म बेहद निराशाजनक रहा है। इस अवधि में इंग्लैंड ने कुल 6 द्विपक्षीय एकदिवसीय शृंखलाएं खेलीं, लेकिन उनमें से केवल 1 ही अपने नाम कर पाई। इंग्लैंड ने इस दौरान खेले गए 22 वनडे मुकाबलों में से सिर्फ 7 में जीत दर्ज की, जिससे उनका जीत प्रतिशत मात्र 31.8 रहा। विश्व कप 2023 के बाद से सभी पूर्ण सदस्य देशों में इंग्लैंड से कम जीत प्रतिशत केवल बांग्लादेश और जिम्बाब्वे का रहा है, जो टीम की गिरती लय को और स्पष्ट करता है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड के पिछले 4 वनडे
- 229 रन से हार (मुंबई 2023)
- 125 गेंद शेष रहते हार (कराची 2025)
- 175 गेंद शेष रहते हार (लीड्स 2025)
- 05 रन से हार (लॉर्ड्स 2025)
मंगलवार, 2 सितंबर 2025 को हेडिंग्ले में खेले गए पहले वनडे मैच में इंग्लैंड की टीम सिर्फ 131 रनों पर सिमट गई और उसे सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि दो दिन बाद खेले गए दूसरे मैच में इंग्लैंड ने बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन जीत से महज़ 5 रन दूर रह गया। लंदन के लॉर्ड्स में हुए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 330 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मैथ्यू ब्रीट्जके की रिकॉर्डतोड़ पारी, इंग्लैंड के खिलाफ रचा इतिहास
दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में 26 वर्षीय मध्यक्रम के बल्लेबाज़ मैथ्यू ब्रीट्जके की 77 गेंदों पर 85 रनों की शानदार पारी ने अहम भूमिका निभाई। उनके साथ सलामी बल्लेबाज़ एडेन मार्करम ने 49 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 58 रन का योगदान दिया। बीमार वियान मुल्डर की जगह टीम में शामिल किए गए ब्रीट्जके ने इस मैच में नया इतिहास रच दिया। वह वनडे क्रिकेट इतिहास में अपने पहले पाँच मैचों में लगातार अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।
आखिरी ओवर में इंग्लैंड को चाहिए थे 16 रन, साउथ अफ्रीका ने पलटा मैच
मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां इंग्लैंड को एक विकेट शेष रहते 16 रनों की दरकार थी। हालांकि, पुछल्ले बल्लेबाज़ जोफ्रा आर्चर की 14 गेंदों पर 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी के बावजूद मेज़बान टीम 9 विकेट खोकर 325 रन ही बना सकी और 5 रन से हार गई। इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने घरेलू मैदान पर 58 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें लगातार चार चौके शामिल थे। उन्होंने जो रूट (72 गेंदों पर 61 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने एक समय इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा था।
जोस बटलर का अर्धशतक बेकार
इसके बाद कप्तान जोस बटलर ने 51 गेंदों पर 61 रनों की जुझारू पारी खेलकर इंग्लैंड की उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन लुंगी एनगिडी की धीमी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद विल जैक्स ने दो छक्के लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन 47वें ओवर में नांद्रे बर्गर (63 रन देकर 3 विकेट) ने दो अहम झटके देकर इंग्लैंड का स्कोर 8 विकेट पर 291 कर दिया। आखिरी ओवरों में जोफ्रा आर्चर ने दो चौके और दो छक्कों के साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की, लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए और गेंदें खत्म हो गईं। नतीजतन, दक्षिण अफ्रीका ने दूसरा वनडे भी जीत लिया। गौरतलब है कि प्रोटियाज ने ढाई महीने पहले इसी लॉर्ड्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था।


