IPL में प्रीति जिंटा का अनोखा फैसला, संदीप शर्मा ने सुनाया किस्सा

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं है, बल्कि यहां कई ऐसे किस्से जन्म लेते हैं जो खिलाड़ियों की यादों में हमेशा ज़िंदा रहते हैं। ऐसा ही एक किस्सा हाल ही में पंजाब किंग्स के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ संदीप शर्मा ने साझा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि यह घटना 2017 सीज़न की है, जब पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (तब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) के खिलाफ कम स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की थी। यह मैच खिलाड़ियों और फैन्स दोनों के लिए यादगार बन गया।

संदीप शर्मा ने एक ही मैच में झटके गेल, कोहली और डिविलियर्स के विकेट

उस रोमांचक मुकाबले में संदीप शर्मा ने नई गेंद से घातक गेंदबाज़ी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तीन दिग्गज बल्लेबाज़—क्रिस गेल, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स—को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च कर 3 अहम विकेट झटके। संदीप की इस शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत पंजाब किंग्स ने 138 रनों के मामूली स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी।

अक्षर पटेल थे ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के सबसे बड़े दावेदार

उस मैच में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 17 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए और फिर गेंदबाज़ी में भी कमाल दिखाते हुए 3 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सामान्य परिस्थितियों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड उनके नाम होना तय था। लेकिन पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने स्टैंड से ही रवि शास्त्री को संकेत दिया कि यह अवॉर्ड संदीप शर्मा को दिया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने विपक्ष की सबसे मज़बूत बैटिंग लाइन-अप—क्रिस गेल, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स—को पवेलियन भेजकर मैच का रुख बदल दिया था।

अक्षर पटेल का धमाका: आखिरी ओवर में जड़े 19 रन

एक क्रिकेट वेबसाइट से बातचीत में संदीप शर्मा ने उस यादगार पल को साझा किया। उन्होंने कहा, “हम बेंगलुरु में आरसीबी के खिलाफ मैच खेल रहे थे और मैंने नई गेंद से विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल के विकेट झटके थे। उस मैच में असल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अक्षर पटेल को मिलना था। यह कम स्कोर वाला मुकाबला था और अक्षर ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट लिए थे और बल्लेबाजी में आखिरी ओवर में 25 में से 19 रन ठोक दिए थे। अगर देखा जाए तो उस मैच के असली हकदार अक्षर ही थे।”

प्रीति ने शास्त्री से की थी संदीप को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ देने की सिफारिश

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संदीप शर्मा ने बताया, “मैच में प्रीति मैम मौजूद थीं। उन्होंने रवि शास्त्री से कहा कि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सैंडी होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने तीन बड़े विकेट लिए हैं। वास्तविकता में उन्होंने ही मुझे यह अवॉर्ड दिलाया। यह मेरे लिए बहुत खास पल था। मैंने जाकर अक्षर को यह पुरस्कार सौंपा, लेकिन उन्होंने मुझसे कहा कि ये तीन विकेट बहुत अहम थे, वरना 138 रन का बचाव किसी भी हालत में संभव नहीं था।” संदीप शर्मा ने अब तक 117 आईपीएल मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 8 से थोड़ी अधिक की इकॉनमी रेट से 146 विकेट हासिल किए हैं। अपने करियर में वह तीन फ्रेंचाइजियों — पंजाब किंग्स (2013-2017), सनराइजर्स हैदराबाद (2018-2021) और राजस्थान रॉयल्स (2023-वर्तमान) — का हिस्सा रह चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here