नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर तक यूएई में किया जाएगा और इस बार कुल 8 टीमें खिताब की दौड़ में हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट से पहले ही भारत को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, मेज़बान यूएई और ओमान के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में श्रीलंका, अफ़गानिस्तान और हांगकांग की टीमें शामिल हैं, जो खिताब के लिए कड़ी टक्कर देने को तैयार हैं। इस बार टी20 प्रारूप में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट रोमांच और उत्सुकता से भरपूर रहने की उम्मीद है।
फाइनल में भिड़ सकते हैं भारत और श्रीलंका
इस बार एशिया कप 2025 में कौन-कौन सी टीमें फाइनल में पहुँच सकती हैं, इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी राय दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनका मानना है कि इस बार फाइनल में भारत के साथ श्रीलंका की टीम पहुँच सकती है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि श्रीलंका की टीम हर कंडीशन में लड़ने में सक्षम है और यह एक अच्छी टीम है, इसलिए उनका समर्थन उन्हें देना पड़ेगा। अगर यह टीम फाइनल तक पहुँच जाती है तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल हो सकता है, बशर्ते दोनों टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
आकाश चोपड़ा ने श्रीलंका की टीम को एक बेहद संतुलित और मजबूत टीम करार दिया। उनके अनुसार यह टीम हर विभाग में अच्छी तरह से बैलेंस्ड है, चाहे वह ओपनिंग में पथुम निसांका हों, कुसल मेंडिस हों या फिर मध्यक्रम में चरित असलांका। ऑलराउंडरों के मामले में भी टीम के पास कई विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा, तेज़ गेंदबाज़ी में भी उनके पास कई भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चोपड़ा ने कहा कि यूएई की पिचों पर स्पिन विभाग काफी प्रभावी साबित हो सकता है, जिससे यह टीम और भी संतुलित और खतरनाक बन जाती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि श्रीलंका टीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भले ही यह सुपरस्टार्स से भरी हुई टीम नहीं है, फिर भी यह एक सुपरस्टार टीम की तरह प्रदर्शन कर सकती है। उनके पास एंकर्स और आक्रामक बल्लेबाजों का शानदार मिश्रण मौजूद है। पथुम निसांका दोनों तरफ से खेल सकते हैं और टीम में आक्रामक बल्लेबाजों के साथ-साथ कामिंदु मेंडिस जैसे संतुलित खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो टीम को मजबूती और विविधता प्रदान करते हैं।


