कोहली-रोहित के बाद पहली बड़ी परीक्षा: एशिया कप में गिल-सूर्या और अक्षर पर जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली. टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों ने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। अब एशिया कप 2025 में पहली बार टीम इंडिया इन दिग्गजों के बिना उतरेगी। टीम की नई जिम्मेदारी शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल के कंधों पर होगी। गिल कोहली की तरह रन बनाने, सूर्या को रोहित की तरह कप्तानी और अक्षर को जडेजा जैसी ऑलराउंड जिम्मेदारी निभानी होगी। यह टूर्नामेंट सिर्फ खिताब की दौड़ नहीं बल्कि नई पीढ़ी के खिलाड़ियों की असली परीक्षा भी साबित होगा।

गिल संभालेंगे विराट का रोल

विराट कोहली ने जून 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलते हुए संन्यास लिया था। उस मुकाबले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को 17 साल बाद ट्रॉफी जिताई थी। कोहली टी-20 इतिहास के सबसे बड़े बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। अब उनकी जगह शुभमन गिल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गिल ने अब तक भारत के लिए 21 टी-20 खेले हैं, जिनमें उन्होंने 139 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बनाए हैं। एक सेंचुरी और तीन फिफ्टी जड़ चुके गिल को इस बार उपकप्तान भी बनाया गया है। यानी कोहली का रोल अब पूरी तरह गिल के हाथ में होगा।

सूर्या की कप्तानी और अभिषेक की ओपनिंग

रोहित शर्मा ने भी कोहली के साथ टी-20 क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने 159 मैचों में 4231 रन बनाए और टीम को दो बार वर्ल्ड कप जिताया। अब उनकी जगह कप्तान बने हैं सूर्यकुमार यादव। सूर्या का रिकॉर्ड बताता है कि वे आक्रामक अंदाज से टीम को आगे ले जाते हैं। उनके नाम 83 मैचों में 2598 रन हैं और उनका स्ट्राइक रेट 167 से ऊपर है। कप्तानी में भी वे अब तक 22 मैचों में 18 जीत दिला चुके हैं। ओपनिंग में रोहित की कमी को युवा लेफ्ट हैंड बैटर अभिषेक शर्मा पूरा करेंगे, जिन्होंने अब तक 17 मैचों में 193 के स्ट्राइक रेट से 535 रन बनाए हैं।

जडेजा की कमी पूरी करेंगे अक्षर

ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद रिटायरमेंट का ऐलान किया। जडेजा ने 74 मैचों में 54 विकेट लिए और 515 रन भी बनाए। उनकी फील्डिंग टीम इंडिया के लिए हमेशा गेम-चेंजर रही। उनकी जगह अब अक्षर पटेल को टीम का पहला विकल्प बनाया गया है। अक्षर पिछले वर्ल्ड कप फाइनल में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनके नाम 71 टी-20 मैचों में 535 रन और 71 विकेट हैं। बाएं हाथ के स्पिनर और लोअर ऑर्डर में बैटिंग की वजह से अक्षर को जडेजा का परफेक्ट रिप्लेसमेंट माना जा रहा है।

पाकिस्तान भी उतरेगा नए चेहरों के साथ

दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम में भी बड़ा बदलाव हुआ है। यहां बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी बल्लेबाजों को स्ट्राइक रेट कम होने के कारण बाहर कर दिया गया। उनकी जगह विकेटकीपर मोहम्मद हारिस, हसन नवाज, साहिबजादा फरहान और सईम अयुब जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। यानी भारत और पाकिस्तान दोनों ही नई पीढ़ी के साथ एशिया कप में उतर रहे हैं। भारत की संभावित टीम में सूर्या कप्तान, गिल उपकप्तान, अभिषेक ओपनर और अक्षर बतौर स्पिन ऑलराउंडर होंगे, जबकि पाकिस्तान की कमान सलमान आगा के हाथों में होगी। यह मुकाबला सिर्फ पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता नहीं, बल्कि दोनों टीमों के नए युग की शुरुआत का गवाह बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here