पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज ने Asia Cup से पहले किया रिटायरमेंट का ऐलान

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उस्मान खान शिनवारी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 31 साल के शिनवारी ने दिसंबर 2013 से दिसंबर 2019 तक पाकिस्तान की ओर से क्रिकेट खेला और इस दौरान 1 टेस्ट, 17 वनडे और 16 T20I मुकाबलों में भाग लिया।

उन्होंने दिसंबर 2013 में श्रीलंका के खिलाफ T20I डेब्यू किया और अक्टूबर 2017 में उसी टीम के खिलाफ अपना पहला ODI मैच खेला। शिनवारी एशिया कप 2018 में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थे। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने एकमात्र टेस्ट मैच में 1 विकेट, वनडे में 34 और T20I में 13 विकेट अपने खाते में जोड़े। लंबे समय से वह पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम से बाहर थे। उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 9 अक्टूबर 2019 को श्रीलंका के खिलाफ लाहौर में खेला था।

4 साल पहले टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा

शिनवारी ने अपने T20I और ODI करियर को लंबा खींचने के लिए 2021 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था, लेकिन टीम में वापसी नहीं कर सके। उन्होंने उस समय सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा था कि उन्होंने पीठ की चोट से पूरी तरह ठीक होकर फिटनेस हासिल कर ली है, लेकिन डॉक्टरों और फिजियो की सलाह के अनुसार, भविष्य में ऐसी चोटों से बचने और अपने क्रिकेट करियर को लंबा बनाए रखने के लिए उन्हें टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना आवश्यक था।

यादगार प्रदर्शन से चमका खिलाड़ी

उनके करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2017 में शारजाह क्रिकेट स्टेडियम पर श्रीलंका के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 34 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके बाद 2019 में कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम पर उन्होंने 51 रन देकर 5 विकेट लिए। ये दोनों ही गेंदबाजी स्पेल उनके करियर की खास पहचान बने। शिनवारी के संन्यास की खबर ने पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है, हालांकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट और अन्य लीगों में खेलने के संकेत भी दिए हैं।

एशिया कप पर ध्यान, मुकाबलों का रोमांच

हाल ही में पाकिस्तान की टीम ने अफगानिस्तान को हराकर T20I ट्राई सीरीज का खिताब जीता। अब टीम एशिया कप 2025 में दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। पाकिस्तान अपनी अभियान की शुरुआत 12 सितंबर को दुबई में ओमान के खिलाफ करेगी, जबकि भारत और पाकिस्तान 14 सितंबर को आमने-सामने होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here