IND vs UAE: दुबई की पिच रिपोर्ट, रन बरसेंगे या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल?

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है और भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी 10 सितंबर को करेगी। टीम इंडिया का पहला मुकाबला मेजबान यूएई से दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस मैच के लिए दुबई की पिच का मिजाज कैसा रहेगा। क्या यहां बल्लेबाजों के बल्ले से चौकों-छक्कों की बरसात होगी या फिर गेंदबाज अपनी धार से हावी होते हुए नजर आएंगे, यही सबसे बड़ा सवाल है।

चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम इंडिया ने दुबई में खेले थे मुकाबले

भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी अपने मुकाबले दुबई में ही खेले थे। हालांकि उस समय का मौसम मौजूदा हालात से अलग था, लेकिन अब सितंबर में दुबई की तेज गर्मी का असर पिच पर भी साफ नजर आएगा। तब भारतीय टीम को पहले से इस्तेमाल की गई पिच मिली थी, जो स्पिनर्स के लिए मददगार साबित हुई। यही वजह रही कि टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार स्पिनर्स को जगह दी थी। उस समय इस फैसले पर कई सवाल खड़े हुए थे, लेकिन बाद में यह चयन बिल्कुल सही साबित हुआ।

दुबई में पड़ रही है भीषण गर्मी

फिलहाल दुबई में गर्मी अपने चरम पर है, इसी वजह से मैचों के समय में बदलाव किया गया है। पहले मुकाबले शाम 7:30 बजे शुरू होने थे, लेकिन अब इसकी शुरुआत रात 8 बजे से होगी, जबकि टॉस 7:30 बजे किया जाएगा। पिच की बात करें तो माना जा रहा है कि दुबई की सतह फिलहाल ताज़ा है और गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में अच्छा उछाल मिलेगा। तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिलने के बाद पिच धीरे-धीरे स्पिनर्स के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए जरूरी होगा कि वे शुरुआत में सावधानी से खेलें और सेट होने के बाद बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका तलाशें। हालांकि, पहला मैच होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौजूदा मौसम में पिच का असली मिजाज क्या होगा।

भारत बनाम यूएई: हेड टू हेड रिकॉर्ड पर एक नज़र

भारत और यूएई के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का इतिहास बेहद छोटा है। दोनों टीमों की भिड़ंत अब तक सिर्फ एक बार हुई है, जब 2016 एशिया कप में दोनों आमने-सामने आए थे। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने यूएई को आसानी से नौ विकेट से शिकस्त दी थी। वहीं वनडे प्रारूप में भी दोनों टीमों के बीच तीन मैच खेले गए हैं, जिनमें हर बार भारत ने बाजी मारी है। मौजूदा प्रदर्शन पर नजर डालें तो 2024 टी20 विश्व कप के बाद से भारतीय टीम ने 24 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 21 में जीत हासिल की है और सिर्फ तीन में हार झेली है। ऐसे में यूएई के लिए भारत को चुनौती देना आसान काम नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here