34.9 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

Football: हंगरी को हराकर पुर्तगाल ने रोनाल्डो के नेतृत्व में दर्ज की 3-2 की जीत

नई दिल्ली: फीफा विश्व कप क्वालिफायर्स में मंगलवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में पुर्तगाल ने हंगरी को 3-2 से हराया। बुडापेस्ट के पुस्कस अरेना में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने आखिरी मिनट तक जोर लगाया। पुर्तगाल के लिए जोआओ कैंसिलो, बर्नार्डो सिल्वा और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गोल दागे, जबकि हंगरी की ओर से बार्नाबास वार्गा ने दो गोल कर टीम को मजबूती दी।

रोनाल्डो का धमाकेदार गोल जो इतिहास में दर्ज हुआ

इस मैच में पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर सुर्खियों में रहे। उन्होंने पेनल्टी से गोल कर वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में अपना 39वां गोल पूरा किया। इसके साथ ही रोनाल्डो ग्वाटेमाला के कार्लोस रूइज की बराबरी पर पहुँच गए हैं, जिन्होंने वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में सबसे ज्यादा 39 गोल किए थे। रोनाल्डो अब अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी से तीन गोल आगे निकल गए हैं, जिनके नाम क्वालिफायर्स में 36 गोल हैं। इस तरह रोनाल्डो ने अपने करियर में एक और बड़ा और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है।

रोमांचक मुकाबले की झलकियाँ

मुकाबले की शुरुआत में ही हंगरी ने पुर्तगाल पर दबाव बनाया। 21वें मिनट में बार्नाबास वार्गा ने जोल्ट नागी के क्रॉस पर शानदार हेडर से गोल कर मेजबानों को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, पुर्तगाल ने जवाबी हमला तेज किया और 36वें मिनट में मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर बर्नार्डो सिल्वा ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने दबदबा बनाया और 58वें मिनट में रोनाल्डो ने पेनल्टी को गोल में बदलते हुए टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। यह पेनाल्टी तब मिली जब उनकी शॉट को हंगरी डिफेंडर लोइक नेगो ने हैंडबॉल कर रोका। हंगरी ने हार नहीं मानी और 84वें मिनट में एक बार फिर वार्गा ने गोल दागकर मैच को 2-2 से बराबर कर दिया। लेकिन इसके केवल दो मिनट बाद ही पुर्तगाल ने शानदार मूव बनाया और जोआओ कैंसिलो ने गोल करके पुर्तगाल को 3-2 से आगे कर दिया। आखिर तक यही स्कोर कायम रहा और पुर्तगाल ने ग्रुप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

कोच ने क्या कहा?

इस जीत के साथ पुर्तगाल ने ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने अब तक खेले गए दो मैचों में दोनों में जीत दर्ज की है और छह अंक लेकर तालिका में सबसे ऊपर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम के कोच रोबर्टो मार्टिनेज ने कहा, “जब आप दो गोल खाते हैं तो जीत पाना मुश्किल होता है, लेकिन मुझे टीम का एटीट्यूड और फोकस बहुत पसंद आया। हमें बस खेल को कंट्रोल करना था और वहीं ले जाना था जहां हम चाहते थे। यह मैच सुधार के लिए परफेक्ट था।” वहीं, गोल करने वाले बर्नार्डो मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिल्वा ने कहा, “हमें पता था यह आसान नहीं होगा। हमने गलतियां कीं और विपक्षी को मौके दिए। लेकिन आखिरकार सबसे अहम था जीत हासिल करना और छह अंक अपने नाम करना।”

रोनाल्डो का ऐतिहासिक कीर्तिमान

क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब पुर्तगाल के लिए 223 मैचों में 141 गोल कर चुके हैं। अपने करियर में उन्होंने कुल 943 गोल दागे हैं और उनका अगला बड़ा लक्ष्य 1000 गोल पूरे करना है। यदि वह इसमें सफल होते हैं, तो फुटबॉल इतिहास में उनका नाम और भी सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाएगा, जो उन्हें खेल के महानतम खिलाड़ियों में और ऊँचा स्थान दिलाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles