निंगबो (चीन): भारतीय निशानेबाजों का आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल) में खराब प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। सम्राट राणा, अमित शर्मा और निशांत रावत पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। भारतीय खिलाड़ियों में सम्राट राणा ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और 582 अंक बनाकर क्वालीफिकेशन में 10वें स्थान पर रहे। चीन के हू काई ने प्रारंभिक दौर में 589 अंक हासिल करके शीर्ष स्थान प्राप्त किया और फाइनल में 242.3 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनके साथी चीन के यू चांगजी ने 241.5 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इस तरह चीन के पास दो स्वर्ण और दो रजत पदकों के साथ कुल चार पदक हो गए हैं। दूसरी ओर, भारत अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाया है।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत के अन्य खिलाड़ी अमित शर्मा 576 अंक के साथ 28वें और निशांत रावत 568 अंक के साथ 42वें स्थान पर रहे। वहीं, भारत की दिव्या सुब्बाराजू ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के प्रिसिशन राउंड में अच्छा प्रदर्शन किया और 291 अंक के साथ 37 प्रतिभागियों में सातवें स्थान पर हैं। इस स्पर्धा में भाग ले रही भारत की अन्य खिलाड़ी अभिदन्या पाटिल 288 अंकों के साथ 19वें स्थान पर हैं, जबकि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता राही सरनोबत 286 अंकों के साथ 26वें स्थान पर रही हैं।


