नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान के मध्यक्रम के बल्लेबाज अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार प्रदर्शन किया। उमरजई ने मात्र 20 गेंदों पर ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाया और अपनी विस्फोटक पारी से टीम को 94 रन से बड़ी जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया, लेकिन हॉन्ग कॉन्ग के स्पिनरों ने कसी हुई गेंदबाज़ी करते हुए बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सेदिकुल्लाह अटल ने 52 गेंदों में 73 रन बनाकर पारी को संभाला, हालांकि पचास रन पार करने के बाद ही वह अपनी लय में नजर आए। रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम ज़द्रान और गुलबदीन नैब कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए, जबकि चौथे नंबर पर भेजे गए मोहम्मद नबी ने 26 गेंदों पर 33 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अफगानिस्तान ने 13 ओवर में 4 विकेट पर 95 रन बनाए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम मुश्किल से 150 के आसपास तक ही पहुंच पाएगी। लेकिन अजमतुल्लाह उमरजई ने आखिरी ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाज़ी करते हुए मैच का रूख बदल दिया और स्कोर को 188 तक पहुंचा दिया। अफगानिस्तान ने अंतिम 4 ओवरों में 69 रन जोड़े, जिनमें से अकेले उमरजई ने 37 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत राशिद खान की टीम ने 94 रन के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की।
सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड ध्वस्त
इस मैच में अजमतुल्लाह उमरजई ने सिर्फ 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा और इसके साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अफगानिस्तान का यह बल्लेबाज अब टी20 एशिया कप में सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर आ गया है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने एशिया कप 2022 में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। उमरजई ने अफगानिस्तान की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया और मोहम्मद नबी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 21 गेंदों पर अर्धशतक बनाया था।
टी20 एशिया कप में सबसे कम गेंदों में अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाज़
- अजमतुल्लाह उमरजई बनाम हांगकांग- 20 गेंद
- सूर्यकुमार यादव बनाम हांगकांग- 22 गेंद
- रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम श्रीलंका- 22 गेंद


