सात्विक-चिराग का हांगकांग ओपन में शानदार प्रदर्शन, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश

0

नई दिल्ली: हांगकांग ओपन 2025 में भारत की सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में उनका सामना थाईलैंड की जोड़ी पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल से हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले में कुल तीन सेट खेले गए, जिसमें भारतीय जोड़ी ने 2-1 से जीत हासिल कर अगले दौर के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।

पहला सेट गंवाया, फिर दो सेट में भारतीय जोड़ी का शानदार पलटवार

वर्ल्ड नंबर 9 रैंकिंग की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड के खिलाफ पहले सेट में 18-21 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। दूसरे सेट में सात्विक और चिराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21-15 से जीत दर्ज की और मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे और निर्णायक सेट में भारतीय जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाया, जिसमें उनके स्मैश और तेज रिफ्लेक्सेस का थाईलैंड की जोड़ी पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल के पास कोई जवाब नहीं था, और उन्होंने 21-11 के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

इससे पहले, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को राउंड ऑफ 32 में ताइवान की जोड़ी के खिलाफ कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा। उन्होंने पहला सेट 21-13 से जीत लिया, लेकिन दूसरे सेट में 18-21 से हार का सामना किया। इसके बाद तीसरे और निर्णायक सेट को 21-10 के अंतर से जीतकर वे राउंड ऑफ 16 में प्रवेश करने में सफल रहे।

क्वार्टर फाइनल में सात्विक-चिराग का सामना मलेशिया की जोड़ी से

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का हांगकांग ओपन में क्वार्टर फाइनल मुकाबला मलेशिया की जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप की जोड़ी से होगा। मलेशिया की जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में चूंग होन जियान और मुहम्मद हाइकल की जोड़ी को लगातार 21-17 और 21-19 के सेटों से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं हांगकांग ओपन में मेन्स सिंगल्स में 11 सितंबर को कई भारतीय खिलाड़ी राउंड ऑफ 16 में एक्शन में नजर आएंगे, जिसमें एचएस प्रणय का सामना हमवतन खिलाड़ी लक्ष्य सेन से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here