नई दिल्ली : एशिया कप 2025 में क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी टक्कर देखने को मिलेगी जब भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 सितंबर, रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरी राजनीतिक और कूटनीतिक पृष्ठभूमि भी जुड़ी हुई है। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा, ऐसे में खिलाड़ियों से लेकर फैन्स तक सभी की धड़कनें तेज होंगी। इस हाई-वोल्टेज क्लैश का हर पल रोमांच और भावनाओं से भरा रहने वाला है।
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने एशिया कप 2025 में अपने-अपने पहले मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है। भारत ने यूएई को मात्र 57 रन पर ऑलआउट कर इतिहास रच दिया, क्योंकि यह किसी भी टीम का भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने ओमान को मात देकर अपने अभियान का आगाज किया। हालांकि पाक बल्लेबाजों का प्रदर्शन खास नहीं रहा और टीम 160/7 का ही स्कोर खड़ा कर सकी। इसके बाद पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों ने मैच का रुख बदल दिया। मोहम्मद नवाज, सैम अयूब, अबरार अहमद और सूफियान मुकीम ने मिलकर 6 विकेट चटकाए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
टीम इंडिया के खिलाफ उतरेंगे ये पाकिस्तानी खिलाड़ी
पाकिस्तान अब एशिया कप 2025 में दुनिया की नंबर-1 टीम भारत के खिलाफ उतरेगा, जहां उसे और भी कठिन चुनौती का सामना करना होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले सिर्फ खेल भर नहीं होते, बल्कि हमेशा मानसिक दबाव और हाई-इंटेंसिटी माहौल के बीच खेले जाते हैं, जिससे उनका रोमांच कई गुना बढ़ जाता है। इसी कड़ी में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्हें अब तक भारतीय टीम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका नहीं मिला है। आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारे में, जो पहली बार भारत के खिलाफ मैदान पर नजर आएंगे।
- सैम अयूब: सैम अयूब पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज और पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर हैं। अयूब अब तक भारत के खिलाफ नहीं खेले हैं।
- साहिबजादा फरहान: मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज फरहान ने 2018 में डेब्यू किया था और 2024 में टीम में वापसी की। वह पहली बार भारत का सामना करेंगे।
- मोहम्मद हारिस: मोहम्मद हारिस आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और अब तक 29 T20I और 6 ODI मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन भारत के खिलाफ कभी नहीं खेले हैं।
- हसन नवाज: हार्ड-हिटर बल्लेबाज, जिन्होंने छोटे से अपने T20 करियर में ही सबका ध्यान खींचा है। वह भारत के खिलाफ पहली बार खेलने उतरेंगे।
- सूफियान मुकीम: लेफ्ट-आर्म स्पिनर अबरार अहमद पाकिस्तान के स्पिन अटैक की रीढ़ हैं और पहली बार भारत के खिलाफ खेलते नजर आएंगे।
- हुसैन तलत: ऑलराउंडर हुसैन तलत को गेंदबाजी से ज्यादा बल्लेबाजी में मौके मिले हैं। हुसैन भारत के खिलाफ अभी तक नहीं खेले हैं।
- मोहम्मद वसीम जूनियर: तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम एक साल से ज्यादा लंबे समय के बाद अपना पहला T20I खेलने के लिए तैयार हैं। वसीम भी पहली बार भारत का सामना करेंगे।
- सलमान मिर्जा: लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज ने सलमान मिर्जा ने हाल ही में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया है। वह पांच T20I खेल चुके हैं, लेकिन भारत के खिलाफ अभी तक नहीं खेले हैं।

