नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम इन दिनों भारत दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज की शुरुआत 14 सितंबर से हो चुकी है और पहला मुकाबला मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए अपने नाम एक बड़ा मुकाम दर्ज कर लिया।
दरअसल, हरमनप्रीत कौर ने वनडे क्रिकेट में अपने 150 मैच पूरे कर एक बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया है। वह ऐसा करने वाली भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले मिताली राज और झूलन गोस्वामी यह उपलब्धि अपने नाम कर चुकी हैं। खास बात यह है कि मिताली और झूलन दोनों ही वनडे में 200 से ज्यादा मैच खेलने वाली दिग्गज खिलाड़ी हैं। हरमनप्रीत के 150 मैच पूरे होने के मौके पर बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो भी साझा किया। इस उपलब्धि पर हरमनप्रीत ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफर उनके लिए शानदार रहा है और वह आगे भी लंबे समय तक इसी तरह खेल जारी रखना चाहती हैं।
ODI क्रिकेट में 150 मैच खेलने वाली हरमनप्रीत कौर अब तक की सिर्फ दसवीं महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इससे पहले मिताली राज, झूलन गोस्वामी, चार्लोट एडवर्ड्स, सूजी बेट्स, स्टेफनी टेलर, एलिस पेरी, मिग्नॉन डू प्रीज, सोफी डिवाइन और मारिजैन काप ने यह उपलब्धि हासिल की थी। ODI में हरमनप्रीत के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 37.67 के औसत से 4000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। इसी के साथ वह भारत की ओर से ODI में 4000+ रन बनाने वाली सिर्फ तीसरी महिला खिलाड़ी बनी हैं, उनसे आगे केवल मिताली राज और स्मृति मंधाना हैं।
ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर
- मिताली राज – 7805
- स्मृति मंधाना – 4588
- हरमनप्रीत कौर – 4069
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), फोएबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एशले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, जॉर्जिया वेयरहैम, अलाना किंग, किम गर्थ, मेगन शुट
भारतीय प्लेइंग इलेवन: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, श्री चरणी, क्रांति गौड़।

