नई दिल्ली: मंगलवार 16 सितंबर को अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में एशिया कप 2025 का नौवां मैच बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। बंगाल टाइगर्स ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी, जब उसने हॉन्गकॉन्ग को सात विकेट से हराया। हालांकि, अगले मैच में श्रीलंका के खिलाफ टीम दबाव में दिखाई दी और उसे 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग पर 94 रन की बड़ी जीत दर्ज की और उसका लक्ष्य इस विजयी लय को जारी रखना होगा।
बांग्लादेश: पिछले मैच में शोरफुल इस्लाम की जगह तस्कीन अहमद को टीम में मौका दिया गया था। इस बार शोरफुल की वापसी की संभावना जताई जा रही है, जबकि तंजीद हसन की जगह सैफ हसन को शामिल किया जा सकता है। अच्छी खबर यह है कि बांग्लादेश टीम के पास फिलहाल चोट को लेकर कोई चिंता नहीं है और सभी खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध हैं। तस्कीन गुरबाज के खिलाफ बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने अब तक तीन मुकाबलों में गुरबाज को दो बार पवेलियन भेजा है। वहीं, मुस्तफिज़ुर रहमान का उमरजई के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने चार पारियों में तीन बार उन्हें आउट कर अफगान बल्लेबाज पर दबदबा बनाए रखा है।
अफगानिस्तान: राशिद ख़ान की अगुवाई वाली टीम के पहले मैच के विजयी संयोजन को ही बरकरार रखने की संभावना है। तेज गेंदबाज नवीन उल हक कंधे की चोट के चलते पहला मैच नहीं खेल पाए थे और अब पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रिज़र्व खिलाड़ी अब्दुल्ला अहमदजई को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनके प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की संभावना कम है। उमरजई का लिटन दास के खिलाफ प्रदर्शन काबिले-गौर रहा है। उन्होंने चार पारियों में दो बार लिटन को पवेलियन भेजा है। वहीं, मौजूदा बांग्लादेशी बल्लेबाजों का रिकॉर्ड कलाई के स्पिन गेंदबाजों के सामने कमजोर रहा है। यही वजह है कि अफगानिस्तान के पास राशिद ख़ान और नूर अहमद जैसे स्पिनरों को आज़माने का सुनहरा मौका होगा, जो मैच का पासा पलट सकते हैं।
बांग्लादेश की संभावित एकादश: परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन तमीम, लिटन दास (कप्तान और विकेटकीपर), सैफ हसन/नूरुल हसन, जाकिर अली, शमीम हुसैन, महेदी हसन, नसुम अहमद, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान। अफगानिस्तान की संभावित एकादश: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, एएम गजनफर, फजलहक फारुकी।
ये हैं बांग्लादेश और अफगानिस्तान के फुल स्क्वाड
बांग्लादेश की टीम: तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, लिटन दास (विकेटकीपर/कप्तान), तौहीद हृदोय, महेदी हसन, जाकिर अली, शमीम हुसैन, रिशाद हुसैन, तंजीम हसन साकिब, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, सैफ हसन, नसुम अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन, तस्कीन अहमद, नूरुल हसन।
अफगानिस्तान की टीम: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अल्लाह गजनफर, फजलहक फारुकी, फरीद अहमद मलिक, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इशाक, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, शराफुद्दीन अशरफ।

