नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ियों युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह जानकारी मंगलवार, 16 सितंबर मीडिया रिपोर्ट के हवाले से दी। जांच में यह सामने आया है कि उक्त ऐप के माध्यम से अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग की गई है, जिसके सिलसिले में ईडी विस्तार से जांच कर रही है।
युवराज को 23 और उथप्पा को 22 सितंबर को ईडी ने तलब किया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि विश्व कप विजेता क्रिकेटरों युवराज सिंह (43 साल) और रॉबिन उथप्पा (39 साल) तथा सोनू सूद (52 साल) को ‘1एक्सबेट’ नामक प्लेटफॉर्म से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अगले सप्ताह उनके बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को बयान दर्ज कराने को कहा गया है। युवराज सिंह को 23 सितंबर, जबकि सोनू सूद को 24 सितंबर को बुलाया गया है।
रैना और धवन से भी केंद्रीय जांच एजेंसी ने की पूछताछ
केंद्रीय जांच एजेंसी ने पिछले कुछ हफ्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ की है। इस मामले में सोमवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का बयान दर्ज किया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बांग्ला अभिनेता अंकुश हाजरा मंगलवार को अपने समन के अनुसार ईडी के सामने पेश हुए, जबकि 1एक्सबेट की भारत की ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला तय तिथि तक अब तक ईडी के समक्ष पेश नहीं हुईं।
जांच का फोकस कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप पर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से संबंधित है, जिसके तहत आरोप है कि इस ऐप को चलाने वाली कंपनी ने कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया या भारी मात्रा में कर चोरी की। कंपनी का दावा है कि 1एक्सबेट एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाजी ऐप है, जो इस क्षेत्र में 18 वर्षों से सक्रिय है। कंपनी के अनुसार, इस ब्रांड के ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, और इसकी वेबसाइट तथा ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं।

