नई दिल्ली. भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान ऑलराउंडर रोस्टन चेज के हाथों में होगी। खास बात यह है कि पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल के बेटे तेजनारायाण चंद्रपॉल और बल्लेबाज एलिक एथनाज की टीम में वापसी हुई है। वहीं घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले लेफ्ट आर्म स्पिनर खैरी पियरी को पहली बार मौका मिला है।
सात साल बाद भारत में टेस्ट खेलेगी विंडीज
वेस्टइंडीज टीम सात साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी। पिछली बार साल 2018 में कैरेबियाई टीम भारत आई थी और उसे 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार सीरीज की शुरुआत 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में होगी, जबकि 10 अक्टूबर से दिल्ली में दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। यह सीरीज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकिल में भारत की पहली होम सीरीज है। वहीं वेस्टइंडीज के लिए यह घर से बाहर की पहली टेस्ट सीरीज होगी।
टीम चयन और नई रणनीति
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इस बार टीम में कई बदलाव किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 की करारी हार के बाद क्रैग ब्रैथवेट, कीसी कार्टी, मिकाइल लुईस और जोहान लैन को बाहर कर दिया गया। बल्लेबाजी को मजबूती देने के लिए तेजनारायाण और एथनाज को वापस लाया गया है। स्पिन आक्रमण को संतुलित करने के लिए खैरी पियरी को शामिल किया गया है, जिन्होंने वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में 41 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
कोच डैरेन सैमी का बयान
वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा, “भारत और उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट खेलना हमेशा बड़ी चुनौती होती है। हमने खिलाड़ियों का चयन इन्हीं कंडीशन को ध्यान में रखकर किया है। तेजनारायाण को टीम में शामिल करने का मकसद बल्लेबाजी को और गहराई देना है।” उन्होंने यह भी माना कि भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ टिकना आसान नहीं होगा, लेकिन टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी।
भारत दौरे का कार्यक्रम
वेस्टइंडीज की टीम 22 सितंबर को कैरेबियन द्वीप से रवाना होगी और 24 सितंबर को अहमदाबाद पहुंचेगी। वहां दो दिन आराम के बाद खिलाड़ी नेट प्रैक्टिस करेंगे। दूसरी ओर, भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी इस समय एशिया कप खेल रहे हैं, जिसका फाइनल 28 सितंबर को होगा। इसके तुरंत बाद टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज के लिए उतरना होगा। भारत का स्क्वॉड बोर्ड 23 सितंबर तक घोषित कर सकता है।
वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम
रोस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायाण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, केवलोन एंडरसन, शाई होप, जोन कैंपबेल, एलिक एथनाज, टेविन इमलाक, जस्टिन ग्रीव्स, एंडरसन फिलिप, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, जेडन सील्स, खैरी पियरी और जोमेल वारिकन।

