28.2 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

अभिषेक, गिल और दुबे ने पाकिस्तान को हराकर भारत को दिलाई सुपर-4 में शानदार जीत

अभिषेक शर्मा की 74 रनों की पारी और दुबे की गेंदबाज़ी से भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया

दुबई. एशिया कप 2025 के सुपर-4 की शुरुआत भारत ने धमाकेदार अंदाज में की। दुबई में खेले गए मुकाबले में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को छह विकेट से मात दी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबज़ादा फ़रहान की अर्धशतकीय पारी की मदद से 171 रन बनाए। जवाब में भारत ने सात गेंद शेष रहते ही 174 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस जीत में युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर बोला जिन्होंने मात्र 39 गेंदों पर 74 रन बनाए।

फ़रहान ने संभाली पाक पारी

पाकिस्तान ने इस मुकाबले में फ़रहान और फ़ख़र ज़मान की नई ओपनिंग जोड़ी को आज़माया। फ़ख़र ने तेज शुरुआत की लेकिन 15 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद सईम अयूब ने फ़रहान के साथ 72 रनों की अहम साझेदारी निभाई। अयूब ने 21 रन बनाए जबकि फ़रहान ने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि उनकी पारी बाद में धीमी पड़ गई और उन्हें शिवम दुबे ने आउट किया। दुबे ने इस साझेदारी को तोड़कर भारत को राहत दिलाई और फिर फ़रहान (58) को भी पवेलियन भेजा। आखिरी ओवरों में फ़हीम अशरफ़ ने आठ गेंदों में नाबाद 20 रन जोड़कर पाकिस्तान को 171 तक पहुंचाया।

फील्डिंग ने बढ़ाई मुश्किलें

पाकिस्तान का स्कोर और भी बड़ा हो सकता था लेकिन भारतीय फील्डरों ने लगभग आधा दर्जन कैच टपकाकर उन्हें मौके दिए। इसके बावजूद पाकिस्तान पावरप्ले के बाद लगातार दबाव में रहा और बीच के 7 ओवरों में कोई चौका-छक्का नहीं लगा सका। भारत के गेंदबाज़ों में शिवम दुबे सबसे सफल रहे जिन्होंने 2 विकेट झटके। बाकी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाज़ी कर पाकिस्तान की रन गति को धीमा किया।

भारत का आक्रामक आगाज़

172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। पारी की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा ने छक्का लगाया और शुभमन गिल ने उनका बढ़िया साथ दिया। दोनों ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 69 रन जोड़ दिए। सिर्फ 8.4 ओवर में भारत का स्कोर 100 तक पहुंच गया। गिल और अभिषेक की जोड़ी ने पाकिस्तान के गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया। गिल 47 रन बनाकर आउट हुए और उनकी 105 रनों की साझेदारी का अंत हुआ।

वर्मा ने दिलाई जीत

गिल के आउट होने के बाद पाकिस्तान को जल्दी-जल्दी दो और विकेट मिले जिनमें अभिषेक शर्मा भी शामिल रहे। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के थे। हालांकि मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव के आउट होने से भारत पर थोड़ा दबाव बना, लेकिन तिलक वर्मा ने 19 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया। भारत की यह जीत सुपर-4 में उसके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी और आने वाले मैचों में उसे बढ़त भी दिलाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles