नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम बुधवार, 24 सितंबर को एशिया कप 2025 के सुपर 4 राउंड के अपने दूसरे मुकाबले में लिटन दास की अगुवाई वाली बांग्लादेश टीम से भिड़ेगी। भारत का यह सुपर 4 चरण में दूसरा मैच है। इससे पहले टीम इंडिया ने अपने पहले सुपर 4 मुकाबले में चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी। ग्रुप स्टेज की बात करें तो भारत ने अपने तीनों मुकाबले जीतते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उसने यूएई, पाकिस्तान और ओमान को मात दी थी, जिससे उसका आत्मविश्वास इस समय चरम पर है।
बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ एक मैच गंवाया और ग्रुप बी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा। बांग्लादेश ने अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग को हराया। उसकी सुपर 4 राउंड की शुरुआत भी शानदार रही। बांग्लादेश ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 4 विकेट से हराया। चूंकि श्रीलंका सुपर 4 राउंड में अपने दो मैच गंवाकर फाइनल की रेस से बाहर हो चुका है। ऐसे में भारत बनाम बांग्लादेश मुकाबला काफी महत्वपूर्ण हो गया है। यह मैच जीतने वाली टीम फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगी। भारत के सुपर 4 चरण में 2 अंक हैं। उसका नेट रनरेट +0.689 है। बांग्लादेश के भी 2 अंक हैं। उसका नेट रनरेट +0.121 है।
टी20 इंटरनेशनल में भारत बनाम बांग्लादेश हेड टू हेड रिकॉर्ड
- दोनों टीमों ने कुल मैच खेले: 17
भारतीय टीम ने जीते: 16
बांग्लादेश ने जीता: एक - दोनों टीमों के बीच पिछले 5 मैचों के परिणाम: भारत ने 5 मैच जीते, बांग्लादेश ने एक भी नहीं जीता।
- दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला: हैदराबाद में 12 अक्टूबर 2024 को खेला गया वह मैच 133 रन से जीता था।
भारत बनाम बांग्लादेश मैच पिच रिपोर्ट
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए अच्छी मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, जैसाकि उम्मीद थी, पिचें धीमी रही हैं। यही वजह है कि बल्लेबाजों के लिए बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाना मुश्किल हो रहा है। दुबई की भीषण गर्मी में भी यही स्थिति रहने की उम्मीद है। इस मैदान पर खेले गए पिछले 10 मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर 157 रन रहा है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पिछले 10 मुकाबलों में तेज गेंदबाजों ने 63 विकेट लिए हैं, जबकि स्पिनरों ने 50 विकेट लिए हैं। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने पर विचार कर सकती है। इस पिच पर तेज गेंदबाजों को 55%, जबकि स्पिनरों को 45% सफलता मिली है। इस पिच पर औसत स्कोर 159 रन है।
भारत बनाम बांग्लादेश, दुबई के मौसम के पूर्वानुमान
मैच के दिन आसमान बादलों से घिरा रहने की उम्मीद है। एक्यूवेदर के अनुसार दिन चढ़ने के साथ बादल घने होते जाएंगे। सुबह तापमान 26°C के आसपास रहेगा, जो दोपहर तक थोड़ा बढ़कर 27°C हो जाएगा, जो क्रिकेट के लिए आदर्श है। शाम की बात करें तो बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि तापमान 23°C तक गिर सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।


