नई दिल्ली: भारत को एशिया कप 2025 के सुपर 4 चरण में अपना तीसरा मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले में भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार अवसर होगा। अब तक एशिया कप 2025 में अभिषेक ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है, उन्होंने 5 मैचों में 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से कुल 248 रन बनाए हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। भारतीय टीम फाइनल में पहुँच चुकी है और श्रीलंका के खिलाफ यह मुकाबला टीम इंडिया की तैयारियों को और मजबूत करेगा।
रिजवान को टक्कर देते हुए अभिषेक के हाथ में नंबर 1 बनने का मौका
इस एशिया कप में भारत को लगभग हर मैच में धमाकेदार शुरुआत देने वाले अभिषेक शर्मा के पास पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है। टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल रिजवान के नाम है, जिन्होंने साल 2022 में एशिया कप में 6 मैचों में कुल 281 रन बनाए थे। वहीं इस लिस्ट में भारतीय स्टार विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने उसी साल 2022 में 5 मैचों में 276 रन बनाए थे। अभिषेक इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने अब तक इस सीजन में खेले 5 मैचों में 248 रन बना लिए हैं। अब अभिषेक श्रीलंका के खिलाफ अगले मैच में जैसे ही 34 रन बनाएंगे वो टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर आ जाएंगे और रिजवान दूसरे नंबर पर खिसक जाएंगे।
टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
मोहम्मद रिजवान- 281 रन- 2022
विराट कोहली- 276 रन- 2022
अभिषेक शर्मा- 248 रन- 2025

