Asia Cup Final में कब भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान? जानें तारीख, समय, रिजर्व डे समेत सभी अहम जानकारी

0

नई दिल्ली: पाकिस्तान ने गुरुवार, 25 सितंबर की रात सुपर 4 राउंड के मुकाबले में बांग्लादेश को 11 रन से हराकर एशिया कप 2025 के फाइनल का टिकट कटा लिया है। अब खिताबी मुकाबले में उसका आमना-सामना भारत से होगा। यह भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक और रोमांच से भरपूर मौका होगा, क्योंकि एशिया कप के इतिहास में यह पहली बार है जब दोनों चिरप्रतिद्वंदी टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। क्रिकेट इतिहास में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा से ही रोमांचक और हाई-वोल्टेज रही है।

जाहिर है एशिया कप 2025 का फाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होने वाला है। दोनों टीमें अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए मैदान में उतरेंगी और यह मुकाबला लंबे समय तक याद रखा जाने वाला है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के मन में कुछ सवाल उठना लाजिमी हैं, जैसे मैच कब होगा, कहां खेला जाएगा, उसे लाइव किस टीवी चैनल पर देखा जा सकता है। भारत में उस मैच की लाइव स्ट्रीम किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी? इन्हीं सब सवालों के जवाब यहां दिए गए हैं।

एशिया कप 2025 में भारत की विजयी लय बरकरार, दोनों मुकाबलों में हासिल की जीत

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान तीसरी बार आमने-सामने होंगे। इससे पहले दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हो चुके हैं—एक ग्रुप स्टेज में और दूसरा सुपर-4 राउंड में—और दोनों में ही भारत ने शानदार जीत दर्ज की। ग्रुप स्टेज का मैच 14 सितंबर को खेला गया था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। वहीं, सुपर-4 राउंड का मुकाबला 21 सितंबर को हुआ, जिसमें भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज कर पाकिस्तान पर अपना दबदबा कायम रखा।

कब और कहां होगा मैच?
  • तारीख: रविवार, 28 सितंबर 2025
  • समय: भारतीय समयानुसार, रात 08:00 बजे
  • स्थान: दुबई स्थित दुबई इंटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम
  • रिजर्व डे: 29 सितंबर 2025 (बारिश या किसी अन्य कारण से मैच पूरा न होने की स्थिति में)
किन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें?
  • भारत से: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव।
  • पाकिस्तान से: शाहीन शाह अफरीदी, साहिबजादा फरहान, फखर जमान, हारिस रऊफ।
  • दोनों टीमों के ये सितारे अकेले दम पर मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।
कहां देख सकते हैं लाइव?
  • टीवी पर टेलीकास्ट: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क।
  • ऑनलाइन स्ट्रीमिंग: सोनी लिव ऐप और वेबसाइट दोनों पर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here