नई दिल्ली: इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज़ के दूसरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज़ को 1-0 से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में भारत की जीत के नायक रहे केएल राहुल, जिन्होंने नाबाद शतक जमाया, वहीं साई सुदर्शन ने भी बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाज़ों की शानदार पारियों की बदौलत इंडिया ए ने दूसरी पारी में लक्ष्य का सफल पीछा किया और सीरीज़ में अहम जीत दर्ज की।
भारत को इस मैच में जीत के लिए 412 रन का टारगेट मिला था और जिस तरह की बल्लेबाजी टीम इंडिया की पहली पारी में रही थी उसके बाद ऐसा लग रहा था कि ये संभव हो पाएगा या नहीं, लेकिन केएल राहुल ने नाबाद रहते हुए भारत की जीत सुनिश्चित की और साई सुदर्शन व कप्तान ध्रुव जुरेल ने उन्हें पूरा सहयोग दिया। दूसरे टेस्ट में इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर की जगह ध्रुव जुरेल ने की थी।
केएल राहुल का धमाका, नाबाद 176 रनों की शानदार पारी
केएल राहुल ने इस टेस्ट मैच की पहली पारी में सिर्फ 11 रन बनाए और जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए नाबाद 176 रन की दमदार पारी खेली। राहुल ने यह पारी 210 गेंदों का सामना करते हुए खेली, जिसमें उन्होंने 4 छक्के और 16 चौके जड़े। वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले इस पारी से केएल राहुल को काफी आत्मविश्वास मिलेगा। उनकी यह बेहतरीन फॉर्म टीम इंडिया के लिए एक बड़ी ताकत साबित होगी और आगामी सीरीज में उनकी भूमिका को और मजबूत करेगी।
शतक के साथ चमका साई सुदर्शन, ध्रुव ने भी जड़े अहम रन
भारत इस मैच की पहली पारी में 194 रन पर ढेर हो गया था तो वहीं दूसरी पारी में उसे जीत के लिए 412 रन का बड़ा टारटेग मिला, लेकिन राहुल के साथ-साथ साई सुदर्शन ने क्या शतक लगाया। उन्होंने 1 छक्के और 9 चौकों की मदद से 100 रन की पारी खेली जबकि कप्तान ध्रुव जुरेल ने भी दूसरी पारी में शानदार 50 रन बनाए। साई और ध्रुव जुरेल ने राहुल का पूरा साथ दिया और इसकी वजह से ही भारत ये स्कोर चेज कर पाया और मैच में टीम को जीत मिली। नितीश कुमार रेड्डी भी दूसरी पारी में 16 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
इस मैच में इंडिया ने टॉस जीता था और पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 420 रन बनाए जबकि भारत पहली पारी में 194 रन पर आउट हो गए। इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 185 रन बनाए और मेजबान टीम की कुल बढ़त 411 रन को हो गई थी। फिर भारत ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 413 रन बनाते हुए मैच जीत लिया और सीरीज को भी अपने नाम कर लिया।

