हरमनप्रीत बोलीं- इस बार हम जीत की लाइन पार करेंगे, हीली ने कहा- सबसे कठिन वर्ल्ड कप होगा

0

बेंगलुरु. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का कहना है कि टीम इस बार पिछली गलतियों से सबक लेकर मैदान में उतरेगी। एशिया कप 2024, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 और टी20 वर्ल्ड कप 2020 में फाइनल हार के बाद हरमनप्रीत का भरोसा है कि घरेलू मैदान पर होने वाले 2025 वनडे वर्ल्ड कप में भारत चैंपियन बनेगा। उन्होंने कप्तानों की बैठक में कहा, “हमने तय किया है कि इस बार मैदान पर जाकर सिर्फ खेल का आनंद लेंगे। हम अतीत पर ध्यान नहीं देंगे और बिना दबाव लिए खेलेंगे।”

कप्तान के तौर पर पहला वर्ल्ड कप

हरमनप्रीत अब तक पांच वर्ल्ड कप खेल चुकी हैं, लेकिन बतौर कप्तान यह उनका पहला वनडे वर्ल्ड कप होगा। उन्होंने इसे “अविश्वसनीय अहसास” बताया और कहा कि टीम का लक्ष्य सिर्फ ट्रॉफी जीतना है। उन्होंने कहा, “भारत में 12 साल बाद वर्ल्ड कप हो रहा है। मेरे लिए यह बेहद रोमांचक अनुभव है। मैं चाहती हूं कि टीम बिना दबाव लिए मैदान पर उतरे और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे।”

स्मृति मंधाना बनीं ताकत

भारतीय टीम की बल्लेबाजी का बड़ा सहारा स्मृति मंधाना हैं। उन्होंने इस साल 928 रन बनाए हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। हरमनप्रीत ने कहा, “मंधाना के साथ बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। उनका फॉर्म हमारे लिए बड़ी ताकत है।” भारत इस बार गुवाहाटी, विशाखापट्टनम, इंदौर और नवी मुंबई में मैच खेलेगा, जबकि पाकिस्तान से भिड़ंत कोलंबो में होगी। हरमनप्रीत ने कहा कि अनजान पिचों पर भी टीम मानसिक रूप से तैयार है।

ऑस्ट्रेलिया का आत्मविश्वास

डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने कहा कि यह अब तक का सबसे कठिन वर्ल्ड कप होगा। सात खिताब जीत चुकी ऑस्ट्रेलिया ने 2024 से अब तक खेले 18 में से सिर्फ 2 वनडे गंवाए हैं। हीली बोलीं, “हम आत्मसंतुष्ट नहीं हैं। हमारी संस्कृति में लापरवाह होना शामिल नहीं है। असली चुनौती यह होगी कि कौन सी टीम दबाव झेल पाती है और मौकों का फायदा उठाती है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here