IND vs PAK: फाइनल से पहले टीम इंडिया में बढ़ा तनाव, क्या स्टार खिलाड़ी चोटिल हैं?

0

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच 28 सितंबर को एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम ने लगातार 6 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि पाकिस्तान अपनी पिछली दो हार को भूलकर इस खिताबी मुकाबले में वापसी करने की कोशिश करेगा। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल से पहले भारतीय टीम अच्छी लय में नजर आ रही है, लेकिन फिटनेस को लेकर चिंता भी बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बताया कि अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या दोनों को क्रैम्प की समस्या हुई, जिसके कारण वे दुबई में श्रीलंका के खिलाफ मैच की दूसरी पारी के दौरान काफी समय तक मैदान से बाहर रहे। यह फिटनेस की समस्या टीम के लिए फाइनल से पहले एक चुनौती बनी हुई है।

हार्दिक पांड्या की फाइनल से पहले फिटनेस जांच तय

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बताया कि अभिषेक शर्मा की सेहत ठीक लग रही है, लेकिन हार्दिक पांड्या की फिटनेस की जांच 27 सितंबर को, पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल से एक दिन पहले की जाएगी। दोनों खिलाड़ियों को केवल क्रैम्प की समस्या थी। मैच के दौरान श्रीलंका की बल्लेबाजी के समय हार्दिक ने पारी का पहला ओवर फेंकने के बाद मैदान छोड़ दिया, जबकि अभिषेक ने 9.2 ओवर तक फील्डिंग की और सुपर ओवर में बल्लेबाजी नहीं कर सके। इसके बाद से फैंस में हार्दिक की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्टार खिलाड़ियों को झेलनी पड़ी क्रैम्प की समस्या

श्रीलंका को सुपर ओवर में हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि फाइनल से पहले कई भारतीय खिलाड़ियों को क्रैम्प की समस्या का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लगातार छठी जीत के बाद सूर्यकुमार ने कहा कि वे इस रात अच्छी तरह से रिकवरी करेंगे और फिलहाल फाइनल के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ खिलाड़ियों को क्रैम्प की शिकायत काफी ज्यादा हुई है, इसलिए कल रिकवरी का दिन होगा और टीम फिर उसी जोश और अंदाज के साथ मैदान में उतरेगी जैसा आज खेला। सूर्या के इस बयान से साफ है कि टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बड़े मुकाबले में टीम इंडिया किन 11 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here