नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के महामुकाबले की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले का क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है। यह सिर्फ एशिया ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के लिए एक ऐतिहासिक और हाई-वोल्टेज टकराव बनने जा रहा है। दोनों टीमें एशिया की बादशाहत के लिए मैदान में उतरेंगी। टीम इंडिया ने अब तक पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मुकाबला हारे फाइनल में प्रवेश किया है, जबकि पाकिस्तान ने भी बेहतरीन खेल दिखाकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच रोमांच, ड्रामा और जबरदस्त एक्शन से भरपूर रहने वाला है। आइए जानते हैं कि इस ऐतिहासिक मुकाबले का लुत्फ टीवी और मोबाइल पर कैसे उठाया जा सकता है…
कब और कहां होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला?
एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार यानी 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार 8:00 बजे शाम से होगी। टॉस 7:30 बजे होगा। बता दें, इस टूर्नामेंट में तीसरी बार भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। पिछले 2 मैचों में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
कहां देखें लाइव प्रसारण और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग?
भारत में फैंस इस मैच का TV पर सीधा प्रसारण Sony Sports नेटवर्क पर देख सकते हैं। फाइनल मैच का मोबाइल और लैपटॉप पर भी लुत्फ उठाया जा सकता है। इस महामुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर उपलब्ध होगी।
दोनों टीमों का स्क्वॉड इस प्रकार है:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सुफयान मोकिम।
गौरतलब है कि एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला केवल दो देशों के बीच एक खेल नहीं, बल्कि पूरे एशियाई क्रिकेट का सबसे बड़ा और बहुप्रतीक्षित टकराव है। भारत और पाकिस्तान की टीमें जब भी आमने-सामने होती हैं, तो मुकाबला सिर्फ क्रिकेट का नहीं रह जाता, बल्कि यह करोड़ों फैंस की भावनाओं से जुड़ जाता है। ऐसे में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया अपनी अपराजेय लय को बरकरार रखते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम करती है या फिर पाकिस्तान इस बार इतिहास रचते हुए भारत को हराने में सफल होता है।


