नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 के फाइनल में आमने-सामने होंगे। हाई-वोल्टेज इस क्लैश में सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम को सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में उतरेगी टीम इंडिया चुनौती देगी। टूर्नामेंट में इससे पहले दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें भारत ने बाजी मारते हुए लगातार जीत दर्ज की है। ऐसे में फाइनल में पाकिस्तान बदला लेने के इरादे से उतरेगा, वहीं भारत खिताब पर कब्ज़ा जमाने के लिए पूरा दमखम लगाएगा। एशिया कप 2025 में भारतीय टीम अपराजित है, लेकिन अब तक अपनी सर्वोच्च फॉर्म में नहीं दिखी। अभिषेक शर्मा बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह लगातार योगदान दे रहे हैं, जबकि अन्य बल्लेबाज अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 15 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 11 बार बाजी मारी है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में जीत नसीब हुई है। एक मैच टाई पर खत्म हुआ था, लेकिन उसमें भी बॉल आउट में जीत भारत के खाते में ही गई। इस तरह टीम इंडिया का पाकिस्तान के खिलाफ 12-3 का दबदबा कायम है, जो उसके आत्मविश्वास को और मजबूत करता है।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर अबुधाबी की तुलना में धीमी रही है। हालांकि, शुक्रवार 26 सितंबर को हुए भारत बनाम श्रीलंका मैच में ऐसी पिच देखी गई जो स्ट्रोक-प्ले के लिए आदर्श थी। फाइनल के लिए भी इसी तरह के विकेट की उम्मीद है, जिससे गेंदबाजों को कुछ मदद मिले। दोनों टीमों के पास अच्छी गेंदबाजी लाइन-अप है। भारत और पाकिस्तान के गेंदबाज किसी भी स्थिति का फायदा उठाने में सक्षम हैं।
दुबई के मौसम का हाल
दुबई में इस समय बहुत गर्मी पड़ रही है और दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। रविवार को भी स्थिति कुछ अलग नहीं रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जो शाम को 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। आर्द्रता का स्तर ज्यादा नहीं होगा, लेकिन शुष्क गर्मी खिलाड़ियों की ऊर्जा पर असर डालेगी। पूरे टूर्नामेंट में ओस का न्यूनतम असर रहा है।


