नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के हीरो बने तिलक वर्मा, जिन्होंने बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में जिम्मेदारी भरी पारी खेली और टीम को संभाला। उनकी इस शानदार बल्लेबाज़ी के सामने पाकिस्तान की पूरी रणनीति धराशायी हो गई। जीत का चौका रिंकू सिंह ने लगाकर मैच को यादगार बना दिया और भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
फाइनल मैच में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी, जहां टीम ने अपने पहले तीन विकेट महज 20 रन पर गंवा दिए। एक समय ऐसा लगने लगा था कि मैच भारत के हाथ से फिसल सकता है। लेकिन इसी मुश्किल घड़ी में तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने धैर्य और समझदारी से बल्लेबाज़ी करते हुए न सिर्फ पारी को संभाला, बल्कि टीम को जीत की राह पर भी ले आए। दबाव के इस अहम पल में तिलक की बल्लेबाज़ी ही भारत की जीत की असली कुंजी साबित हुई।
तिलक वर्मा की सूझबूझ भरी पारी ने पलटा मैच का रुख
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में तिलक वर्मा ने बेहद संयमित और शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए अपना अर्धशतक 41 गेंदों में पूरा किया और अंत तक नाबाद रहते हुए 69 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। तिलक को पहले संजू सैमसन का साथ मिला, जिन्होंने 27 रन बनाए और दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी की। संजू के आउट होने के बाद शिवम दूबे क्रीज़ पर आए और तिलक के साथ 5वें विकेट के लिए 40 गेंदों में तेज़ 60 रन जोड़े। शिवम दूबे ने भी 22 गेंदों में 33 रन की तेज़तर्रार पारी खेलकर जीत की राह आसान कर दी।
इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था और सलमान आगा की टीम 19.1 ओवर में 146 रन पर आउट हो गई थी। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी और 4 विकेट लिए थे जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए थे। भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाकर मैच जीत लिया।


