नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी का बल्ला अब रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। आईपीएल में 35 गेंदों पर शतक लगाने के बाद से उनका शानदार फॉर्म अंडर-19 क्रिकेट में भी बरकरार है। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया यूथ वनडे सीरीज में शतक के साथ अपनी चमक दिखाने के बाद, वह अब ऑस्ट्रेलिया में भी कंगारू गेंदबाजों को परास्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। केवल 14 वर्ष के इस युवा भारतीय बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी यूथ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया। ब्रिसबेन के इयान हेली ओवल में खेले जा रहे इस मैच में वैभव ने महज 78 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया। इस शतकीय पारी के साथ ही वैभव ने अपने नाम तीन बड़े रिकॉर्ड भी दर्ज कर लिए हैं।
सबसे खास बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज ब्रेंडन मैकुल्लम के एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। इतना ही नहीं इस शतक के साथ उन्होंने अपना नाम इतिहास के पन्नों पर भी दर्ज करवा दिया है। वहीं छक्कों का भी एक खास रिकॉर्ड वैभव अपने नाम कर चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी में 86 गेंद खेलते हुए 113 रन ठोक दिए। इस पारी में उन्होंने 9 चौके और आठ छक्के लगाए। इस पारी के बाद एक बार फिर इस खिलाड़ी ने बता दिया है कि वह किसी छोटा पैकेट बड़े धमाके से कम नहीं हैं।
तीन शानदार रिकॉर्ड के साथ वैभव सूर्यवंशी का जलवा जारी
1- भारत के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने यूथ टेस्ट में दो शतक 100 गेंदों के अंदर पूरा करने का रिकॉर्ड बना लिया है। यह रिकॉर्ड इससे पहले सिर्फ न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज ब्रेंडन मैकुल्लम के नाम दर्ज था। उन्होंने इससे पहले 2024 में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ ही 58 गेंदों पर शतक जड़ा था। वहीं इस मुकाबले में उन्होंने 20 गेंदें ज्यादा लेते हुए अपना दूसरा यूथ टेस्ट शतक पूरा किया। वहीं वह ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में इतिहास रच दिया।
2- वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के लियाम ब्लैकफोर्ड के नाम दर्ज था जिन्होंने इंग्लैंड अंडर 19 के खिलाफ 2023 में 124 गेंदों पर शतक जड़ा था। जबकि सूर्यवंशी ने उनसे 46 गेंद कम रहते ही यह कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
3- वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी में कुल 8 छक्के लगाते हुए भारत के लिए यूथ टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके नाम अब कुल 15 छक्के यूथ टेस्ट में दर्ज हो गए हैं। उन्होंने अपने ही साथी खिलाड़ी आयुष म्हात्रे (10) को पीछे छोड़ा है। इससे पहले यूथ वनडे में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी वह टॉप पर आ गए थे। इसी दौरे पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही उन्होंने उन्मुक्त चंद (38) का रिकॉर्ड तोड़ा था।


