IND vs WI: चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, अहमदाबाद टेस्ट की तैयारियों को लगा झटका

0

नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज़ 2 अक्टूबर, गुरुवार से अहमदाबाद में होना है। मुकाबले से पहले टीम इंडिया ने मंगलवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। हालांकि, कुछ सीनियर खिलाड़ियों जैसे अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह को इस सेशन में आराम दिया गया। उल्लेखनीय है कि एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को दुबई में खेला गया था, जिसके बाद टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ी सीधे अहमदाबाद पहुंचे। इसी बीच बुधवार सुबह एक चिंताजनक खबर सामने आई है—टीम का एक प्रमुख खिलाड़ी अभ्यास के दौरान उंगली की चोट से परेशान नजर आया। यह चोट पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन और टीम संयोजन को प्रभावित कर सकती है, जिससे टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ गई हैं।

अहमदाबाद टेस्ट से पहले प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हुए सुंदर?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक प्रैक्टिस सेशन में टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर उंगली में समस्या से जूझते दिखे। जानकारी के मुताबिक सुंदर को कैचिंग प्रैक्टिस से दूर रखा गया क्योंकि उनकी उंगली में समस्या थी। वहीं कप्तान शुभमन गिल को भी उनके साथ बैठे देखा गया। इसके बाद टीम के अन्य खिलाड़ी भी उनका हाथ देखते नजर आए। हालांकि, इसके बाद वह गेंदबाजी करते दिखे लेकिन वह दिक्कत में नजर आए थे। उन्होंने टीम डॉक्टर से भी उंगली पर एक्स्ट्रा टेप लगाने की मांग की।

अगर बाहर हुए वाशिंगटन सुंदर, तो कौन ले सकता है उनकी जगह?

अब वाशिंगटन सुंदर कितना गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं या फिर यह कोई मामूली निगल है यह देखने वाली बात होगी। मगर वह दिक्कत में नजर आए ऐसा रिपोर्ट में साफ किया गया है। अगर हाल ही के कुछ मुकाबलों में या न्यूजीलैंड व इंग्लैंड सीरीज की ही बात कर लें तो सुंदर एक उपयोगी खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। गेंद के साथ उन्होंने कई मौकों पर विरोधियों को छकाया है, तो मौके आने पर बल्ले से भी कमाल करते नजर आए हैं। वाशिंगटन सुंदर अगर चोट के कारण अहमदाबाद टेस्ट नहीं खेल पाते हैं तो उनकी कमी पूरी करना तो मुश्किल है, मगर टीम के पास अक्षर पटेल के रूप में उनका एक सटीक विकल्प भी है। हालांकि, अगर स्पिन ट्रैक मिलता है और टीम चार स्पिनर खिलाने की योजना बनाती है, तो इस प्लानिंग को सुंदर की चोट से झटका जरूर लग सकता है।

भारतीय टीम ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन किया था। इस सीरीज में वाशिंगटन सुंदर ने भी एक अहम ऑलराउंडर के रूप में खुद को साबित किया। अब टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण की दूसरी टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ होगी। इसके बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटकर घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में आने वाले एक-दो महीने युवा कप्तान शुभमन गिल और भारतीय टेस्ट टीम के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here