नई दिल्ली: भारतीय ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने अहमदाबाद टेस्ट के तीसरे दिन एक जबरदस्त कैच पकड़ा, जिसने मैच का रुख बदलने में मदद की। भारतीय टीम ने पहले ही अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी, जिसके बाद वेस्टइंडीज की टीम 286 रनों से पीछे थी। जब वेस्टइंडीज की टीम बल्लेबाजी करने आई, तब उनकी शुरुआत खराब रही। मोहम्मद सिराज के ओवर के दौरान, नितीश ने लेग साइड पर शानदार मौजूदगी दिखाते हुए बाईं ओर छलांग लगाकर एक असाधारण कैच पकड़ा। इस कैच को पकड़ते हुए उन्होंने सुपरमैन जैसा अंदाज दिखाया और वेस्टइंडीज के ओपनर तेजनारायण चंद्रपॉल को पवेलियन भेज दिया। यह कैच टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ और दर्शकों के बीच भी काफी वाहवाही बटोरी।
भारतीय टीम के लिए इस टेस्ट मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा बने नितीश कुमार रेड्डी का इस मैच में खास योगदान नहीं था। उन्होंने पहली पारी में कोई विकेट नहीं लिया था। फिर बल्लेबाजी में उनकी बारी ही नहीं आ पाई। अब तीसरी पारी में उन्होंने यह हैरतअंगेज कैच लेकर मैच में अपनी उपस्थिति को दर्ज करवाया है। नितीश कुमार रेड्डी एक बेहतरीन हरफनमौला खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड दौरे के बीच में ही वह चोटिल होकर भारत लौट आए थे। लेकिन अब इस वेस्टइंडीज सीरीज से उन्होंने टीम में वापसी की है।
नितीश कुमार रेड्डी के शानदार कैच वायरल
नितीश कुमार रेड्डी के इस शानदार कैच का वीडियो बीसीसीआई ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया और उनकी सराहना भी की। भारतीय टीम ने अहमदाबाद में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में अपना शिकंजा कस लिया है। पहली पारी में वेस्टइंडीज की टीम 162 रन पर ही सिमट गई थी। जवाब में भारत ने केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रविंद्र जडेजा के शतकों की बदौलत 448 रन बनाए और 286 रन की विशाल बढ़त ले ली। वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में भी बेबस दिखी और 35 रन ही उसने अपने शुरुआती चार विकेट गंवा दिए। यहां से वेस्टइंडीज की हार लगभग तय दिख रही है। लेकिन भारतीय टीम अगर उन्हें 286 से पहले ऑलआउट कर लेती है तो पारी से यह मैच अपने नाम कर लेगी।


