नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 104 रन की पारी खेली और 4 विकेट भी लिए, जिससे उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला। मैच के बाद जडेजा ने बताया कि उन्हें अपने साथी खिलाड़ी और टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर आर. अश्विन की याद आती है, जिन्होंने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। जडेजा ने कहा कि अश्विन की उपस्थिति और अनुभव हमेशा टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा है और उनके बिना खेलना थोड़ा अलग और अजीब अनुभव है।
रविंद्र जडेजा का खुलासा: टीम में अश्विन की कमी महसूस होती है
पहले टेस्ट मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जडेजा से अश्विन के टीम में नहीं होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जाहिर है, हमें उनकी कमी खल रही है। अश्विन ने इतने साल तक भारतीय क्रिकेट में बहुत योगदान दिया है और वो एक मैच विनर रहे हैं। अश्विन के संन्यास के बाद भारत पहले घरेलू टेस्ट खेल रहा है और जडेजा ने कहा कि ऐश के बिना भारत में टेस्ट खेलते हुए कहीं न कहीं ऐसा लगता है कि वो अब गेंदबाजी करेंगे, लेकिन फिर याद आता है कि वो अब टीम में नहीं हैं।
अश्विन और जडेजा लंबे समय तक घरेलू मैदान पर भारत की गेंदबाजी की नींव रहे हैं। अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट लिए जबकि जडेजा ने अब तक 86 टेस्ट मैचों में 334 विकेट लिए हैं। जडेजा ने टीम के युवा स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर की भी तारीफ की। जडेजा ने कहा कि भविष्य में आप कहेंगे कि जड्डू टीम में नहीं है, लेकिन फिर कोई और आएगा और ऐसा होना ही है साथ ही ये चलता रहेगा।
भारतीय टेस्ट टीम का उप-कप्तान बनाए जाने के बारे में बात करते हुए रविंद्र जडेजा ने कहा कि इससे उनके खेल के दृष्टिकोण में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ भी नहीं है और वह पिछले कई वर्षों की तरह ही खेल रहे हैं। जडेजा ने बताया कि जब भी उनसे टीम की रणनीति या मैच में संभावित फैसलों के बारे में पूछा जाता है, वह हमेशा अपनी राय साझा करते हैं। आपको बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा।

