कोलंबो. भारत महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप के छठे मुकाबले में पाकिस्तान को 88 रन से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेले गए इस दिन-रात के मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 247 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

भारत की पारी में हरलीन देओल ने सबसे अधिक 46 रन बनाए, जबकि जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 32 और प्रतिका रावल ने 31 रन का योगदान दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मांधना ने भी अच्छी शुरुआत की लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। अंत में ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची। पाकिस्तान की तरफ से डायना बेग ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, जबकि सादिया इकबाल और फातिमा सना को 2-2 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती तीन विकेट सिर्फ 26 रन पर खो दिए। ओपनर सिदरा अमीन ने अकेले संघर्ष करते हुए 81 रन बनाए, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 3 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने 2-2 विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ भारत महिला टीम ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा लगातार मुकाबला जीतकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान मजबूत किया।

