नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम ने क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में दमदार शुरुआत करते हुए लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज की है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने पहले श्रीलंका, फिर चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी। हालांकि, मंगलवार शाम हुए एक अन्य मुकाबले में भारत को अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा झटका लगा। इंग्लैंड ने एक रोमांचक मैच में बांग्लादेश को हराकर भारत से नंबर 1 स्थान छीन लिया। इंग्लैंड की इस जीत के चलते अंक तालिका में भारत दूसरे स्थान पर खिसक गया, जिससे टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और भी कड़ी हो गई है।
इसके अलावा बांग्लादेश और भारत से हारने वाली पाकिस्तान की टीम आखिरी यानी 8वीं पोजीशन पर बरकरार है। साथ ही न्यूजीलैंड की टीम अपने पहले दोनों मैच हारकर 7वें स्थान पर मौजूद है। वहीं बांग्लादेश की टीम इंग्लैंड से हारने के बावजूद टॉप 4 में बनी है। इसके अलावा 7 बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड और भारत से नीचे तीसरे स्थान पर मौजूद है।
भारत की दक्षिण अफ्रीका से भिड़ंत
भारतीय महिला टीम का अगला मुकाबला अब 9 अक्टूबर, गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा। जहां भारत ने अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए लगातार जीत दर्ज की है, वहीं प्रोटियाज टीम को पहले मैच में इंग्लैंड से 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने अपने दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर वापसी की है और फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। यह मुकाबला विशाखापट्टनम में खेला जाएगा और माना जा रहा है कि यह मैच भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट की पहली असली चुनौती साबित हो सकता है।
जीत के सिलसिले के बीच उभरी चिंता
भारतीय टीम की बात करें तो दोनों मैचों में टॉप ऑर्डर की नाकामी टीम के लिए चिंता का विषय जरूर होगी। दोनों मुकाबलों में लोअर मिडिल ऑर्डर ने बल्लेबाजी में दम दिखाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वहीं उसके बाद गेंदबाजी में भी भारतीय टीम का प्रदर्शन अभी तक जबरदस्त रहा है। दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा सभी ने खासा प्रभावित किया है। मगर कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना से टीम को रनों की उम्मीद होगी। क्योंकि आने वाले मुकाबलों में चुनौतियां बढ़ेंगी ही जब टीम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमों का सामना करेगी।

