नियम उल्लंघन पर पेरिस ओलंपियन भारतीय रेसलर पर एक साल का निलंबन, एशियन गेम्स से बाहर

0

नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अमन सेहरावत मुश्किलों में आ गए हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन्हें एक साल के लिए बैन कर दिया है। यह निर्णय क्रोएशिया के जाग्रेब में हाल ही में आयोजित सीनियर विश्व चैंपियनशिप के दौरान अमन के डिस्क्वालीफाई किए जाने के बाद लिया गया। अमन को 57 किलोग्राम वर्ग में वजन सीमा से 1.7 किलो अधिक पाया गया, जिसके कारण उन पर नियम उल्लंघन का आरोप लगा। इस के चलते अब अमन सेहरावत को अगले एक साल तक किसी भी प्रतिस्पर्धा में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।

वह अगले साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। अमन सेहरावत अब भारतीय खेल इतिहास के पहले ऐसे एथलीट बन गए हैं जिनके ऊपर ओलंपिक मेडल जीतने के बाद भी होम फेडरेशन ने बैन लगाया है। उनका यह बैन 23 सितंबर 2025 से 22 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा। ओलंपिक पदक विजेता और दो बार के जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अमन सेहरावत के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनके बैन को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ ने एक पत्र में कहा, “आपको कारण बताओ नोटिस की तिथि से एक वर्ष की अवधि के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती से जुड़ी सभी गतिविधियों से निलंबित किया जाता है।” इसमें कहा गया ,”यह निर्णय अंतिम है। निलंबन की अवधि के दौरान आपको राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर डब्ल्यूएफआई द्वारा आयोजित या स्वीकृत किसी भी गतिविधि में भाग लेने या उससे जुड़ने से प्रतिबंधित किया जाता है।”

आपको बता दें कि 23 सितंबर, 2025 को लिखे गए एक पत्र में भारतीय कुश्ती महासंघ ने अमन को कारण बताओ नोटिस जारी कर इस चूक के लिए स्पष्टीकरण मांगा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महासंघ ने कहा कि 29 सितंबर को दिये गए उनके जवाब को अनुशासन समिति ने “असंतोषजनक” पाया। इसमे कहा गया ,”अनुशासन समिति ने 29 सितंबर 2025 को दिए गए आपके जवाब की विधिवत समीक्षा की। इसके अतिरिक्त मुख्य कोच और सहायक कोचिंग स्टाफ से स्पष्टीकरण लिया गया। गहन जांच के बाद समिति ने आपके जवाब को असंतोषजनक पाया और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला लिया है।”

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने अनुशासनहीनता के कारण अमन सेहरावत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महासंघ ने कहा, “एक ओलंपिक पदक विजेता होने के नाते अमन से आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है, मगर उन्होंने विश्व स्तर पर नियम तोड़कर देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।” इसी मामले में अमन के अलावा चार सपोर्ट स्टाफ और फ्रीस्टाइल कोच जगमिंदर सिंह, वीरेंद्र, नागेंद्र और विनोद को भी नोटिस जारी किया गया। इन सभी कोचों को फटकार लगाई गई और उन्हें वॉर्निंग देकर छोड़ दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here