नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बाद शुभमन गिल को वनडे टीम की कमान सौंप दी गई थी। इसके बाद से ही रोहित शर्मा, जिन्होंने भारत को अपनी कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी, को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। कई जगह यह दावा किया गया कि उन पर रिटायरमेंट का दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते उनसे कप्तानी छीनी गई। ऐसा कुछ इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भी देखा गया था। अब, नए वनडे कप्तान शुभमन गिल ने खुद रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर एक बड़ा संकेत दिया है, जिसने एक बार फिर अटकलों को हवा दे दी है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर खुलकर बात की। ऐसी अटकलें थीं कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद दोनों वनडे से भी रिटायरमेंट ले सकते हैं। क्योंकि शायद अब यह दोनों खिलाड़ी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान का हिस्सा नहीं हैं। मगर शुभमन गिल ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफतौर पर कहे दिया कि, ‘हमें उनकी जरूरत है।’
शुभमन गिल का बयान: क्रिकेट जगत में बनी नई चर्चा
शुभमन गिल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर उठ रही सभी अटकलों को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, “रोहित और विराट ने भारत के लिए कई अहम मैच जीते हैं और उनकी प्रतिभा और अनुभव किसी के पास बहुत कम होता है। हमें उनकी टीम में ज़रूरत है।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कप्तानी मिलने के बारे में बात करते हुए शुभमन ने बताया कि, “वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट के बाद कप्तान बनने की घोषणा हुई, लेकिन मुझे इसके बारे में पहले ही जानकारी मिल चुकी थी। भारत की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुभमन ने यह भी बताया कि,”मुझे रोहित भाई से कप्तानी में उनका विचलित नहीं होना, टीम में सभी से अच्छी दोस्ती करना और ड्रेसिंग रूम में एक फन का माहौल रखना सीखना है।” यह सच है कि रोहित की कप्तानी में अक्सर उनके मजाकिया बयान और वीडियो सामने आते रहते थे। शुभमन गिल को टेस्ट के बाद अब भारत की वनडे टीम की भी कमान सौंपी गई है। टेस्ट में अभी तक उनका सक्सेस रेट 50 प्रतिशत रहा है।
भारत ने गिल के नेतृत्व में 6 में से तीन टेस्ट मैच जीते हैं और दो में हार मिली है। वहीं अब वनडे में वह 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर पर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम इंडिया इस सीरीज में तीन एकदिवसीय मुकाबले 19, 23 और 25 अक्टूबर को खेलेगी। इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी जिसमें कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी।


